कानपुर में ट्रैफिक सुधारने का नया प्लान:यातायात माह शुरू, A-B कैटेगरी में बंटेंगे चौराहे और पुलिसकर्मी
कानपुर में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने नवंबर में विशेष अभियान शुरू किया है। सोमवार को ट्रैफिक पुलिस लाइन में यातायात माह का शुभारंभ पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान के दौरान एक ओर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी। खास तौर पर बिना हेलमेट बाइक चलाने और दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। कार्यक्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। चौराहों पर तैनात होंगे बेहतर रिकॉर्ड वाले पुलिसकर्मी यातायात माह के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों को दो श्रेणियों A और B में बांटने की तैयारी है। जिन चौराहों पर यातायात का दबाव अधिक रहता है और व्यवस्था संभालना चुनौतीपूर्ण होता है, उन्हें A श्रेणी में रखा जाएगा। सामान्य यातायात वाले चौराहे B श्रेणी में शामिल होंगे। इसी आधार पर यातायात पुलिसकर्मियों की भी A और B श्रेणी तय की जाएगी। बेहतर रिकॉर्ड, मेहनत और अच्छे काम के आधार पर पुलिसकर्मियों को A श्रेणी में रखा जाएगा। ऐसे पुलिसकर्मियों की तैनाती अधिक चुनौतीपूर्ण और महत्वपूर्ण चौराहों पर की जाएगी, जबकि सामान्य यातायात वाले स्थानों पर अन्य पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था से चौराहों पर यातायात प्रबंधन बेहतर किया जा सकेगा। हादसों में मौतें एक तिहाई से ज्यादा घटीं: विपिन ताडा अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई और यातायात प्रबंधन के प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में एक तिहाई से अधिक की कमी आई है। सड़कों पर यातायात जाम की स्थिति में भी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि शहर में जाम की समस्या दूर करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। यातायात माह के दौरान जागरूकता के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जाएगी। एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए ग्रीन कॉरिडोर शहर में गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था भी शुरू की है। डॉ. ताडा के मुताबिक, इस योजना के तहत एंबुलेंस को प्राथमिकता देते हुए रास्ता उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए अलग कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस की आवाजाही को सुगम बनाया जा सके। निर्माण कार्य से बंद कैमरे दोबारा होंगे चालू शहर के कुछ चौराहों पर निर्माण कार्य के चलते वहां लगे कैमरे अस्थायी रूप से प्रभावित हुए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अन्य स्थानों पर कैमरे काम कर रहे हैं। जिन जगहों पर निर्माण कार्य चल रहा है, वहां काम पूरा होने के बाद कैमरों को दोबारा चालू कराया जाएगा। पुलिस के साथ जनता का सहयोग भी जरूरी पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था सुधारना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें आम जनता और मीडिया समेत सभी की भागीदारी जरूरी है। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना, नशे में वाहन नहीं चलाना और पैदल यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और व्यवस्था को सुगम बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)