बागपत में पेंशनरों का धरना:चिकित्सा बिलों की ऑफलाइन व्यवस्था बहाल करने की मांग
बागपत। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के बैनर तले सोमवार को बागपत जिला मुख्यालय पर पेंशनरों ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों को ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन जमा कराने की व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान पेंशनरों ने रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम डीएम ऑफिस में ज्ञापन सौंपा और शासनादेश में बदलाव की मांग उठाई।
पेंशनरों का कहना है कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से 9 सितंबर 2026 को जारी शासनादेश के तहत चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों को ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य कर दिया गया है। एक अक्टूबर से ऑफलाइन बिल स्वीकार करना भी बंद कर दिया गया है। इससे बुजुर्ग पेंशनरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि अधिकांश पेंशनर कंप्यूटर और ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी नहीं रखते। वहीं, वर्ष 2016 से पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का डाटा भी पोर्टल पर उपलब्ध नहीं है और उनके ईएचआरएमएस कोड दर्ज नहीं हैं।
एसोसिएशन ने बताया कि 28 सितंबर को पेंशनर सलाहकार समिति की बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया था। उस दौरान ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से चिकित्सा बिल जमा करने का विकल्प देने की मांग की गई थी। इसके बावजूद ऑफलाइन व्यवस्था बंद कर दी गई।
पेंशनरों ने आरोप लगाया कि बिलों का भुगतान रुकने से कई बुजुर्गों का इलाज प्रभावित हो रहा है और उनके चिकित्सा दावे कालातीत हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन बिल जमा करने की सुविधा दोबारा शुरू कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर प्रांतीय संगठन विधानसभा के सामने हजारों पेंशनरों के साथ विशाल प्रदर्शन करेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)