समिति ने जरूरतमंद परिवारों के साथ मनाई दीपावली:लखनऊ की वृंदावन कॉलोनी में तीसरे साल बांटी दीपावली किट
लखनऊ में दीपावली की खुशियां तब और बढ़ जाती हैं, जब रोशनी का यह पर्व जरूरतमंदों के साथ मनाया जाए। इसी भावना के साथ सनातन गोरखा कल्याण समिति, उत्तर प्रदेश की ओर से शुक्रवार को सेक्टर-5 वृन्दावन कॉलोनी में दीपावली सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति के सदस्यों ने मलिन बस्तियों और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर दीपावली किट भेंट की और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम का आयोजन समिति की ओर से लगातार तीसरे वर्ष किया गया। इस दौरान बच्चों और परिवारों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। सदस्यों ने उनके साथ दीप जलाए और उपहार देकर दीपावली की खुशियों में शामिल किया। कार्यक्रम के जरिए आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। खुशियों के दीप जलाना ही असली उत्सव समिति के प्रदेश अध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि दीपावली केवल अपने घरों को रोशन करने का पर्व नहीं है, बल्कि उन परिवारों के जीवन में खुशियों के दीप जलाने का अवसर भी है, जो आर्थिक अभाव के कारण त्योहार की खुशियों से वंचित रह जाते हैं। हमारा प्रयास है कि समाज का कोई भी परिवार दीपावली पर खुद को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय सेना के पूर्व नायब सूबेदार कुमार गौरव क्षेत्री और विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त वेटरन चंदन सिंह शामिल हुए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)