त्योहारों से पहले जल जीवन मिशन के भुगतान होंगे:मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों से कहा- पूर्ण कार्यों के भुगतान में न हो देरी, 10 दिन में सड़क मरम्मत का काम पूरा करें
जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जल जीवन मिशन और जल निगम (ग्रामीण) के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत जिन कार्यों को पूरा किया जा चुका है, उनके भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। आगामी पर्व-त्योहारों से पहले सभी पात्र लंबित भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाए। खासतौर पर जल निगम (ग्रामीण) की रेट्रोफिटिंग योजना और जल जीवन मिशन के तहत पूरे हो चुके कार्यों के बकाया भुगतान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। इसके तहत काम करने वाली संस्थाओं के पूर्ण और सत्यापित कार्यों का भुगतान समय पर होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भुगतान से पहले कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों और जरूरी दस्तावेजों की जांच जरूर करें, लेकिन पात्र भुगतान को बेवजह न रोका जाए। IEC बिलों की जांच कर जल्द होगा भुगतान बैठक में सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) गतिविधियों से जुड़े लंबित बिलों का मुद्दा भी उठा। मंत्री ने इन बिलों की नियमानुसार जांच कराने और पात्र पाए जाने वाले देयकों का जल्द भुगतान जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता अभियान जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को ग्रामीणों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए इनसे जुड़े भुगतान भी समयसीमा के भीतर निपटाए जाएं। शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश स्वतंत्र देव सिंह ने पेयजल आपूर्ति से जुड़ी जनशिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि हर शिकायत किसी ग्रामीण परिवार की जरूरत से जुड़ी होती है। ऐसे में अधिकारियों को शिकायतों का समाधान संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि समाधान सिर्फ कागजों पर न हो, बल्कि लोगों को वास्तव में राहत मिले। 10 दिन में पूरी होगी सड़क मरम्मत जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत में हो रही देरी पर भी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में जहां भी रोड रेस्टोरेशन का काम बाकी है, उसे अगले 10 दिनों में पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को पहले जैसी स्थिति में बहाल करना भी विभाग की जिम्मेदारी है। इसके लिए अभियान चलाकर काम पूरा कराया जाए। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण और कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)