हरदोई में इंद्रदेव के खिलाफ शिकायत:युवक ने लिखा- बिना सूचना के लगातार बारिश कराई, DM दिव्य संपर्क कर बात करें

Sep 28, 2026 - 12:13
0
हरदोई में इंद्रदेव के खिलाफ शिकायत:युवक ने लिखा- बिना सूचना के लगातार बारिश कराई, DM दिव्य संपर्क कर बात करें
हरदोई में लगातार बारिश से परेशान एक युवक ने अनोखी शिकायत दर्ज कराई है। मल्लावां ब्लॉक के नेवादा परस गांव निवासी सूरज तिवारी ने जनसुनवाई पोर्टल पर सीधे भगवान इंद्रदेव के खिलाफ जिलाधिकारी को शिकायत भेजी है। यह शिकायत 26 सितंबर को IGRS पोर्टल के माध्यम से की गयी। शिकायत में कहा गया है कि इंद्रदेव पिछले कई घंटों से बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार बारिश करा रहे हैं। इससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव हो गया है, जिससे लोगों को घरों से निकलने में दिक्कत आ रही है। किसानों को भी फसलों की चिंता सता रही है। सूरज तिवारी ने बताया कि उन्हें इंद्रदेव का मोबाइल नंबर नहीं पता। इसलिए उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि वे अपने 'दिव्य संपर्क' के जरिए इंद्रदेव को बारिश रोकने के निर्देश दें, ताकि जिले के लोगों को राहत मिल सके। इस शिकायत के स्क्रीन शॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसी बीच इंद्रदेव के खिलाफ की गई यह शिकायत प्रशासनिक शिकायतों से अलग होने के कारण चर्चा का विषय बन गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज इस अनोखी शिकायत का प्रशासनिक स्तर पर क्या निस्तारण दर्ज किया जाता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User