हरदोई में महिला ने बिना-तलाक दूसरी शादी की:विदा कराने ससुराल पहुंचा पति तो पता चला, ससुर और साले पर केस
हरदोई में सांडी थाना क्षेत्र के सैतियापुर गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक साल पहले ब्याही गई दुल्हन ने दूसरी जगह शादी रचा ली। शाहजहांपुर निवासी पति जब अपनी पत्नी की विदाई कराने ससुराल पहुंचा, तो उसे पूरे मामले की जानकारी हुई। आरोप है कि विरोध करने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने पति के साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में सोमवार की शाम 4:09 पर बिना तलाक शादी करना, आपराधिक धमकी, जानबूझकर अपमान करना आदि धाराओं में पीड़ित के ससुराल और साल पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। शाहजहांपुर के थाना जलालाबाद अंतर्गत ग्राम टिकोला तालुके दुलरामई निवासी 26 वर्षीय प्रदीप राठौर की शादी थाना सांडी क्षेत्र के ग्राम सैतियापुर निवासी सीता देवी पुत्री फूलचन्द्र राठौर के साथ हुई थी। प्रदीप का कहना है कि उसकी शादी को करीब डेढ़ साल (1 वर्ष 6 माह) हो चुके हैं। कुछ समय पूर्व उसकी पत्नी को जेवर और कपड़ों समेत मायके पक्ष के लोग विदा कराकर ले गए थे। प्रदीप के हवाले से सामने आया है कि वह कई बार अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए ससुराल गया, लेकिन हर बार टालमटोल किया जाता रहा। इसी बीच उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी सीता देवी की शादी दूसरी जगह तय कर दी गई है और उसका विवाह फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मझिगवां निवासी अवनीश उर्फ लाली के साथ कर दिया गया है। प्रदीप के अनुसार, जब वह गत 12 नवंबर को अपनी ससुराल ग्राम सैतियापुर पहुंचा और पत्नी की विदाई की मांग की, तो ससुर फूलचन्द्र और साले सर्वोदय ने आपत्तिजनक व्यवहार किया। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट का प्रयास किया और मौके पर मौजूद लोगों के बीच-बचाव के बाद धमकी दी कि यदि वह दोबारा उनके दरवाजे पर आया, तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस मामले में थानाध्यक्ष पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)