ऋषभ शुक्ला के घर मिले असलहे...तस्करी गैंग से कनेक्शन?:लखनऊ पुलिस खंगाल रही मोबाइल डाटा और कॉल डिटेल, चाचा के हिस्ट्रीशीटर होने की जानकारी मिली

Nov 17, 2026 - 10:16
0
ऋषभ शुक्ला के घर मिले असलहे...तस्करी गैंग से कनेक्शन?:लखनऊ पुलिस खंगाल रही मोबाइल डाटा और कॉल डिटेल, चाचा के हिस्ट्रीशीटर होने की जानकारी मिली
लखनऊ के सआदतगंज के नौबस्ता में हुए ट्रिपल मर्डर के मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर से असलहे मिलने के बाद पुलिस ने जांच बढ़ा दिया है। पुलिस अब असलहों के सोर्स का पता लगा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि ऋषभ का किसी अवैध हथियार तस्करी गैंग से संपर्क तो नहीं था। पुलिस उसके मोबाइल की कॉल डिटेल और डाटा खंगाल रही है। साथ ही उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है। गुरुवार को एलडीए की टीम ऋषभ के घर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने पहुंची थी। इस दौरान घर से एक पिस्टल, एक तमंचा, एक राइफल, एक बंदूक, एक रिवॉल्वर और 20 जिंदा कारतूस मिले। एक ही घर से इतनी बड़ी संख्या में असलहे मिलने के बाद पुलिस ने इनके स्रोत और इस्तेमाल की जांच शुरू कर दी है। चबूतरे और पार्किंग के विवाद में हुई थी तीन हत्याएं सआदतगंज के नौबस्ता ब्राह्मणी टोला में शक्तिभवन से डीजी के स्टेनो पद से रिटायर्ड शिवाजी तिवारी (62) पत्नी उषा और बेटे सुयश (30) के साथ रहते थे। उनके छोटे भाई शिवेंद्र तिवारी (55) भी पत्नी रुचि और बेटी सुमेधा के साथ वहीं रहते थे। शिवाजी आरएसएस के पूर्व जिला कार्यवाह पश्चिम भी रहे थे। 26 अक्टूबर को चबूतरे और पार्किंग के विवाद में पड़ोसी ऋषभ शुक्ला ने पिस्टल से गोली मारकर शिवाजी, उनके भाई शिवेंद्र और बेटे सुयश की हत्या कर दी थी। शिवेंद्र की पत्नी रुचि की तहरीर पर राजेश शुक्ला, ऋषभ शुक्ला, गिरीश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, मुन्ना बाबू, दिव्या, प्रिया और अदिति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। चाचा के हिस्ट्रीशीटर होने का भी पता चला एसीपी रंजीत कुमार ने बताया कि ट्रिपल मर्डर की जांच लगभग पूरी हो चुकी थी, लेकिन घर से असलहे मिलने के बाद नए सिरे से कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ऋषभ के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवा रही है। मोबाइल में मौजूद डाटा की भी जांच की जा रही है। उसके करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है। एसीपी के मुताबिक, स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला है कि ऋषभ का चाचा हिस्ट्रीशीटर था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं उसी ने तो ऋषभ को असलहे उपलब्ध नहीं कराए थे। मर्चेंट नेवी से निकाले जाने के बाद ऋषभ बेरोजगार हो गया था। ऐसे में उसके अवैध असलहों के कारोबार से जुड़े होने की आशंका भी जांच के दायरे में है। एसीपी ने बताया कि असलहों के स्रोत और आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की जांच पूरी होने के बाद ही चार्जशीट तैयार कर कोर्ट में दाखिल की जाएगी। ये खबर भी पढ़ें… लखनऊ में 3-हत्या के आरोपी के घर चला बुलडोजर:17 दिन पहले पिता-बेटे और भाई को मारी थी गोलियां लखनऊ में दिनदहाड़े 3 हत्या के आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर पर फिर बुलडोजर चलाया गया। LDA की टीम गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे 2 बुलडोजर और पुलिस फोर्स के साथ पहुंची। करीब 4 घंटे की कार्रवाई में ऋषभ का एक मकान ढहा दिया गया। अंधेरा होने की वजह से कार्रवाई रोक दी गई। इससे पहले 28 अक्टूबर को भी ऋषभ शुक्ला के घर पर बुलडोजर चलाया गया था। उस समय सिर्फ बाउंड्रीवॉल गिराई गई थी। इस पर पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई थी। पढ़िए पूरी खबर…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User