इटावा में होटल पर फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार:25 हजार का इनामी था, तमंचा और दो कारतूस मिले
इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में होटल में घुसकर फायरिंग और जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। उसकी पहचान जसवंतनगर थाना क्षेत्र के नगला भगत गांव निवासी आलोक कुमार (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने सोमवार शाम 6 बजे मामले का खुलासा किया। मामला सिया देवी अस्पताल के पास स्थित एक होटल का है। होटल संचालक दुर्गेश कुमार निवासी सराय दयानत ने 30 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि कुछ लोग एकराय होकर होटल पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और होटल का गेट भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 1 और 2 नवंबर की रात सिविल लाइन पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मिली सूचना पर पुलिस टीम ने सराय भूपत-कटेखेड़ा रोड स्थित पानी की टंकी के पास घेराबंदी कर आलोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि 28 अक्टूबर को वह अपने साथियों के साथ इटावा आया था। अंकित यादव उर्फ एलएल से जुड़ी पुरानी रंजिश के चलते सभी लोग दुर्गेश कुमार के होटल पहुंचे थे। वहां कार से दुर्गेश को टक्कर मारने का प्रयास किया गया। इसके बाद होटल के अंदर घुसकर फायरिंग की गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। यह कार्रवाई एसपी सिटी बबीता सिंह के मार्गदर्शन और सीओ सिटी अवनीश सिंह के नेतृत्व में सिविल लाइन थाना पुलिस ने की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)