इटावा में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर DM सख्त:सभी परियोजनाएं समय पर पूरी करने के निर्देश, स्कूल पर जताई नाराजगी

Sep 25, 2026 - 14:14
0
इटावा में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर DM सख्त:सभी परियोजनाएं समय पर पूरी करने के निर्देश, स्कूल पर जताई नाराजगी
इटावा कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में शुक्रवार सुबह 11 बजे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने शासन की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। डीएम ने साफ कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और संबंधित अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करें। बैठक में भरथना बाईपास, 300 बेडेड स्त्री एवं प्रसूति चिकित्सालय, बकेवर-लखना-सिंदौस मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, पैरामेडिकल आवासीय एवं अनावासीय भवन और इटावा जंक्शन रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की समीक्षा हुई। सैफई क्षेत्र में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की भी जानकारी ली गई। डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को तेजी से काम पूरा कराने के निर्देश दिए। सैफई में 50 बेडेड क्रिटिकल केयर ब्लॉक, ओपीडी भवन में ग्राउंड फ्लोर से पांचवीं मंजिल तक रैंप, 300 बेडेड गायनी ब्लॉक और पैरामेडिकल भवनों की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि जिन परियोजनाओं को अगले एक-दो महीने में पूरा किया जा सकता है, उन्हें विशेष अभियान चलाकर समय से पूरा कराया जाए। डॉरमेट्री के निर्माण की समीक्षा जिला कारागार में 24 बंदी क्षमता वाली हाई सिक्योरिटी बैरक, टाइप-2 के 18 आवास, टाइप-4 आवास और डॉरमेट्री के निर्माण की भी समीक्षा हुई। डीएम ने इन कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और परियोजनाओं को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय मामन हिम्मतपुर के निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाला प्रोजेक्ट है और इसकी प्रगति व गुणवत्ता पर शासन स्तर से भी नजर है। कार्यदायी संस्था को तत्काल गुणवत्ता सुधारने और निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में साइबर क्राइम थाने के प्रशासनिक भवन, अनुसूचित जाति छात्रावास सराय दयानत, महेवा के ग्राम झुगरी में सामुदायिक केंद्र, जिला संयुक्त चिकित्सालय की अग्निशमन व्यवस्था और विक्टोरिया हॉल के सौंदर्यीकरण की भी समीक्षा हुई। इसके अलावा पिलुआ महावीर मंदिर, रामायण क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर, सिद्धपीठ पथरी बाबा जसवंतनगर, शीतला देवी मंदिर बसेहर और सुमेर सिंह किला क्षेत्र के ईको-पर्यटन कार्यों को भी जल्द पूरा कराने को कहा गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User