नाली निर्माण का वीडियो बनाने पर मारपीट:कौशांबी में भाजपा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दिनेश सिंह और उनके दो बेटों पर केस
कौशांबी के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में नाली निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल होने का वीडियो बनाना दो भाइयों को भारी पड़ गया। आरोप है कि वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाते हुए जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दिनेश सिंह और उनके साथियों ने शिकायतकर्ता महेन्द्र त्रिपाठी की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। भाई को बचाने पहुंचे नगेन्द्र त्रिपाठी को भी पीटा गया। मारपीट में दोनों के सिर में चोट आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला शनिवार दोपहर पूरब सरावां गांव का है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पीड़ितों की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दिनेश सिंह और उनके दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नाली निर्माण में घटिया सामग्री लगाने का बना रहे थे वीडियो महेन्द्र त्रिपाठी शनिवार दोपहर गांव में हो रहे नाली निर्माण का वीडियो बना रहे थे। आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री इस्तेमाल की जा रही थी। इसी बात को लेकर उनकी काम कर रहे मजदूरों से कहासुनी हो गई। मजदूरों ने इसकी जानकारी ठेकेदार और भाजपा से जुड़े जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दिनेश सिंह को दी। वीडियो डिलीट करने से मना किया तो लाठी-डंडों से पीटा आरोप है कि दिनेश सिंह चार-पांच साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महेन्द्र से वीडियो डिलीट करने को कहा। महेन्द्र ने इनकार किया तो उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। भाई को पिटता देख नगेन्द्र बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया। दोनों भाइयों के सिर में चोट आई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल घटना के दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। पीड़ितों ने पश्चिम शरीरा थाने में नामजद शिकायत दी। पुलिस ने रात में दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया। जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि और दो बेटों पर केस सीओ कौशांबी के मुताबिक, शिकायत और वायरल वीडियो देखने के बाद पुलिस ने रात में दिनेश सिंह और उनके दो बेटों सौरभ व सचिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)