झांसी DM ने भ्रामक वोटर वायरल करने पर लिखाया मुकदमा:मतदाता की पर्ची में सरनेम लिखा था ' इलकबाल के पिता भीख मांगते हैं'
झांसी-इलाहाबाद एमएलसी चुनाव की वोटर पर्ची में एक मतदाता के पिता के नाम के आगे 'भीख मांगते हैं' लिखे होने का दावा सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो प्रशासन ने जांच कराई। मंगलवार को डीएम गौरांग राठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसे भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि मतदाता अफजल अहमद और उनके पिता का नाम निर्वाचन सूची में सही दर्ज है। खुद मतदाता ने भी इसकी पुष्टि की है। इस मामले में भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की तीन धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है। कलेक्ट्रेट सभागार में दोपहर 12 बजे हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विभिन्न यूजर और हैंडल से इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन 2026 को लेकर पोस्ट की गई थी। इसमें दावा किया गया कि झांसी के लोकमान्य तिलक कन्या इंटर कॉलेज के कक्ष संख्या एक की मतदाता सूची में अफजल अहमद के पिता मोहम्मद इकबाल के नाम के आगे 'भीख मांगते हैं' लिखा है। डीएम ने बताया कि मामले की सूक्ष्मता से जांच कराई गई। निर्वाचन में इस्तेमाल की गई मतदाता सूची में अफजल अहमद और उनके पिता मोहम्मद इकबाल बेग का नाम सही पाया गया। इसकी पुष्टि मतदाता अफजल अहमद से भी अलग से की गई। उन्होंने बताया कि मतदान के दिन राजनीतिक दल के बस्ते से मिली पर्ची और मतदाता सूची, दोनों में उनके और उनके पिता का नाम सही था। मतदान के दौरान उन्हें किसी तरह की असुविधा भी नहीं हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि जांच में सोशल मीडिया पर प्रसारित दावा भ्रामक पाया गया है। इस प्रकरण में संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 353 (1) (बी), 356 (1) और 196 (1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कार्रवाई की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस भ्रामक खबर को आगे प्रसारित न करें और न ही किसी अन्य माध्यम से इसका इस्तेमाल करें। यदि किसी ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, प्रिंट मीडिया या एक्स, इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसे प्रसारित किया है तो तत्काल आवश्यक सुधार कर लें। पहले भी गड़बड़ियों को लेकर सुर्खियों में रही मतदाता सूची इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन की मतदाता सूची में नामों की गड़बड़ी का मामला पहले भी प्रदेश स्तर पर सुर्खियों में रहा था। मतदान के दौरान कुछ मतदाता पर्चियों में 'राम ने यादव को मारा', 'मूर्ख चंद्र यादव' और पिता के नाम की जगह 'बीकॉम' जैसी असामान्य प्रविष्टियां सामने आई थीं। इस पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया था कि प्रदेश के 11 निर्वाचन क्षेत्रों की 14.81 लाख से अधिक प्रविष्टियों में 158 असामान्य प्रविष्टियां मिली थीं। डिजिटल तरीके से सूची तैयार करने के दौरान अंग्रेजी नामों को हिंदी में बदलने में सॉफ्टवेयर संबंधी गड़बड़ी सामने आई थी। इस मामले में प्रयागराज में छह कंप्यूटर ऑपरेटरों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)