झांसी में RPF-GRP की मदद से हुआ बच्चे का जन्म:प्रसव पीड़ा में तड़प रही महिला को सुरक्षा बलों ने पहुंचाई मदद, फिर हॉस्पिटल भी भेजा
झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात एक महिला यात्री को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। वह प्लेटफार्म नंबर 2/3 पर RPF और GRP ब्रिज के पास थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची RPF टीम ने रेलवे डॉक्टर की मदद से प्रसव कराया। महिला ने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। इसके बाद दोनों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घटना रात करीब 8.46 बजे की है। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि प्लेटफार्म पर एक महिला यात्री को प्रसव पीड़ा हो रही है। इस पर एएसआई मनोज एस. तोमर महिला आरक्षक उमा सिकरवार के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद जीआरपी के अखिलेश सचान ने भी मदद की। आरपीएफ टीम ने महिला को संभालते हुए रेलवे चिकित्सक डॉ. शुभानी से संपर्क किया। रात करीब 9.37 बजे डिप्टी एसएस एमआर राय और रेलवे चिकित्सक मेडिकल स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। डॉक्टर ने आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी कराई। इसी दौरान महिला ने बेटे को जन्म दिया। नवजात की नाल काटने और प्लेसेंटा निकालने की प्रक्रिया भी चिकित्सकीय टीम ने पूरी की। महिला निशा वंशकार पत्नी रवि वंशकार, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम सलैया, थाना अमोला, जिला शिवपुरी की रहने वाली है। प्रसव के बाद महिला और नवजात को उसके पति रवि वंशकार और ननद रीना के साथ एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। दोनों की हालत सुरक्षित बताई गई। ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत मिली मदद मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन मातृशक्ति का उद्देश्य महिला यात्रियों को संकट के समय तत्काल सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराना है। झांसी स्टेशन पर आरपीएफ जवानों की तत्परता और रेलवे चिकित्सक की मदद से महिला को समय पर उपचार मिला। इस दौरान ईएसआई मनोज एस. तोमर और महिला आरक्षक उमा सिकरवार की भूमिका अहम रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)