जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बाहर से लिखीं दवाइयां:रामपुर में तीमारदार ने 700 रुपए खर्च कर खरीदे 4 इंजेक्शन और सिरिंज
रामपुर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों को निशुल्क इलाज और दवाइयां उपलब्ध कराने के दावों की हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। यहां इलाज के लिए पहुंच रहे मरीजों के तीमारदारों को बाहर के मेडिकल स्टोर से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं। इमरजेंसी में तैनात स्टाफ की ओर से दवाइयों की पर्ची लिखे जाने के बाद तीमारदार अपनी जेब से रुपये खर्च करने को मजबूर हैं। हादसे में घायल मरीज के लिए लिखी पर्ची मामला शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे का है। सड़क हादसे में घायल अजीत सिंह गंगोत्री को परिजन इलाज के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे थे। यहां मौजूद स्टाफ की ओर से इलाज के लिए चार इंजेक्शन और चार सिरिंज बाहर से खरीदने की पर्ची लिख दी गई। इसके बाद तीमारदार को करीब 700 रुपए खर्च कर निजी मेडिकल स्टोर से दवाइयां खरीदनी पड़ीं। मजबूरी में बाहर से खरीदनी पड़ीं दवाइयां मरीज के तीमारदार हेतराम दिलपुरा ने बताया कि इमरजेंसी के अंदर ही दवाइयों की पर्ची लिखकर दी गई थी। उनके बहनोई का एक्सीडेंट हुआ था, इसलिए इलाज कराना जरूरी था। ऐसे में मजबूरी में 700 रुपए की दवाइयां बाहर से खरीदकर लानी पड़ीं। उन्होंने कहा कि उम्मीद थी कि अस्पताल में इलाज के लिए जरूरी दवाइयां निशुल्क मिल जाएंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मरीजों को सभी जरूरी दवाइयां अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जानी चाहिए। सीएमएस बोले- जांच कराकर कार्रवाई करेंगे जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बी. सक्सेना ने कहा कि कई बार निर्देश दिए जा चुके हैं कि कोई भी डॉक्टर या स्टाफ निजी मेडिकल स्टोर से दवाइयां नहीं लिखेगा। इसके बावजूद अगर किसी ने बाहर से दवाइयां खरीदने की पर्ची लिखी है तो मामले की जांच कराई जाएगी। सीएमओ ने कहा- तत्काल दिखवाएंगे मामला वहीं, सीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने कहा कि अस्पताल से बाहर की दवाइयां लिखने पर पूरी तरह रोक है। इसके बावजूद अगर मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए कहा जा रहा है तो यह बेहद गलत है। वह तत्काल इस मामले को दिखवाएंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)