मुजफ्फरनगर में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़:दो तार चोर गिरफ्तार, एक के पैर पर लगी गोली

Nov 14, 2026 - 09:36
0
मुजफ्फरनगर में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़:दो तार चोर गिरफ्तार, एक के पैर पर लगी गोली
मुजफ्फरनगर में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रवात के तहत नई मंडी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बीती देर रात करीब 11 बजे एनएच-58 पर रॉयल फार्म हाउस के सामने खाली प्लॉट में घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बागपत निवासी गुलाब उर्फ रिजवान के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी शिवा को पुलिस ने ईख के खेत में कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 5 किलो बिजली फिटिंग का तार, 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। CO नई मंडी राजू कुमार साव के अनुसार, 20 अक्टूबर को वसुंधरा कॉलोनी निवासी ऋषिपाल सिंह के निर्माणाधीन मकान से बिजली फिटिंग के तार चोरी हुए थे। इस मामले में नई मंडी थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। CO के मुताबिक, बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि रॉयल फार्म हाउस के सामने खाली पड़े प्लॉट में दो संदिग्ध व्यक्ति मौजूद हैं। सूचना पर नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और प्लॉट की घेराबंदी कर दी। पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर दोनों संदिग्धों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी और इसके बाद ईख के खेत में घुस गए। पुलिस ने उन्हें फायरिंग बंद कर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। CO ने बताया कि इस दौरान गुलाब उर्फ रिजवान गोली लगने से घायल हो गया। दूसरे आरोपी शिवा को पुलिस ने खेत में कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 5 किलोग्राम चोरी का बिजली फिटिंग का तार, एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों गिरफ्तार बदमाश बागपत और मेरठ जिलों के रहने वाले हैं। जिनमें एक की पहचान गुलाब उर्फ रिजवान पुत्र इलियास उर्फ खलील निवासी ग्राम अफसराबाद, थाना रमाला, जिला बागपत और शिवा पुत्र कुलदीप निवासी ग्राम तखावली, थाना बहसूमा, जिला मेरठ के रूप में हुई है। शिवा वर्तमान में मुज़फ़्फ़रनगर के जानसठ थाना क्षेत्र की करमूला पट्टी में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, घायल गुलाब उर्फ रिजवान के खिलाफ मुज़फ़्फ़रनगर, शामली और बागपत के अलग-अलग थानों में 21 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, आबकारी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं, दूसरे आरोपी शिवा के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User