जिला अस्पताल की ओटी के बाहर दलाल कैमरे में कैद:ऑपरेशन के नाम पर मरीजों से सौदेबाजी; सीएमएस ने ओटी में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाई
इटावा में डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त जिला अस्पताल में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के बाहर कथित दलाली का मामला सामने आया। आरोप है कि ऑपरेशन कराने आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों से प्राइवेट युवक ऑपरेशन के नाम पर सौदेबाजी करते हैं। मंगलवार को ओटी के बाहर प्राइवेट युवक गोलू और ड्यूटी पर तैनात वार्ड बॉय सीटू की मौजूदगी कैमरे में कैद हुई। मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। ओटी के बाहर मरीजों को जानकारी देता दिखा युवक जिला अस्पताल के प्रथम तल पर ओटी के बाहर प्राइवेट युवक गोलू और वार्ड बॉय सीटू नजर आए। आरोप है कि गोलू मरीजों और उनके तीमारदारों को ऑपरेशन के संबंध में जानकारी देता है। डॉक्टरों से सांठगांठ होने का दावा कर उन्हें अपने जाल में फंसाता है। इस कथित गतिविधि में अस्पताल के कुछ कर्मचारियों की भूमिका होने की बात भी सामने आई है। रोस्टर में वार्ड में ड्यूटी, ओटी के बाहर बैठा मिला वार्ड बॉय मामले में वार्ड बॉय सीटू की मौजूदगी पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया गया कि रोस्टर के मुताबिक उसकी ड्यूटी प्रथम तल के वार्ड में लगी थी, लेकिन वह ओटी के बाहर बैठा दिखाई दिया। निर्धारित ड्यूटी छोड़कर वहां बैठने के बारे में पूछने पर उसने बताया कि वह एक फाइल देने के सिलसिले में यहां आया था। वहीं, प्राइवेट युवक गोलू ने अस्पताल आने की वजह अपने पिता को खाना देना बताया। हालांकि, सवाल यह है कि यदि वह पिता को खाना देने आता है तो ओटी के बाहर खड़े होकर मरीजों को ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी क्यों दे रहा था? वह अस्पताल के इस संवेदनशील हिस्से के बाहर किस अधिकार से मौजूद था? सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग आरोप है कि ओटी के आसपास बाहरी लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन सीसीटीवी कैमरों की पुरानी फुटेज की जांच कराए तो बाहरी लोगों की मौजूदगी और उनकी गतिविधियों की जानकारी सामने आ सकती है। सरकारी अस्पताल में मरीज इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में ऑपरेशन जैसी महत्वपूर्ण सुविधा के नाम पर बाहरी व्यक्ति द्वारा मरीजों और तीमारदारों से सौदेबाजी का आरोप गंभीर है। ओटी जैसे संवेदनशील स्थान के आसपास बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। सीएमएस बोले- जांच के आधार पर होगी कार्रवाई मामले में सीएमएस डॉ. परितोष शुक्ला ने बताया कि संबंधित कर्मचारियों को ओटी के अंदर और बाहर बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने ओटी के आसपास बाहरी लोगों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि प्राइवेट युवक गोलू और वार्ड बॉय सीटू की वहां मौजूदगी का वास्तविक कारण क्या था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)