जमीन के विवाद में युवक की पीटकर हत्या:फिरोजाबाद में पत्नी की शिकायत के अगले दिन हमला, अस्पताल में दम तोड़ा
एका थाना क्षेत्र के सिंहपुर उड़ेसर गांव में रविवार सुबह करीब 5 बजे 30 वर्षीय प्रदीप कुमार की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने रास्ते में उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के मुताबिक, वह हमलावरों से जान की गुहार लगाता रहा, लेकिन कोई उसे बचाने नहीं पहुंचा। बाद में उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी से मारपीट के बाद दर्ज कराई थी शिकायत परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को प्रदीप की पत्नी सरिता के साथ मारपीट की गई थी। इस घटना के बाद प्रदीप ने शनिवार को एक दर्जन से ज्यादा लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कुछ आरोपियों के खिलाफ शांति भंग के आरोप में कार्रवाई की थी। इसके बाद आरोपी जमानत पर छूट गए थे। शिकायत के अगले दिन ही कर दी हत्या परिजनों का आरोप है कि पुलिस में शिकायत करने के अगले ही दिन प्रदीप को निशाना बनाया गया। रविवार सुबह रास्ते में घेरकर उस पर हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर चोटें आने से उसकी जान चली गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी क्षेत्राधिकारी प्रेम प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। प्रदीप अपने पीछे पत्नी सरिता, पांच वर्षीय बेटी किट्टू और तीन वर्षीय बेटे उत्कर्ष को छोड़ गया है। पिता की मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से साया उठ गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)