जमीन विवाद से परेशान युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा:SDM के अश्वासन पर नीचे उतरा, डेढ़ घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा
मऊ के कोपागंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को जमीन विवाद से परेशान एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह अपनी समस्या के समाधान की मांग कर रहा था। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। युवक की पहचान मधुबन थाना क्षेत्र के निवासी अवनीश कुमार, पुत्र अच्छेलाल के रूप में हुई है। वह दिल्ली में फार्मेसी से जुड़ा काम करता है और कुछ दिन पहले घर आया था। उसके मुताबिक, जमीन को लेकर करीब तीन साल से विवाद चल रहा है। अवनीश का आरोप है कि जमीन विवाद में उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। उसने यह भी कहा कि उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इसी के विरोध में वह सहरोज मोड़ के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गया। कोपागंज पुलिस के साथ मधुबन के एसडीएम दीपक सिंह प्रशासनिक टीम लेकर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। एसडीएम ने माइक से बात कर उसकी समस्या सुनने और नियमानुसार समाधान कराने का भरोसा दिया। करीब डेढ़ घंटे की कोशिश के बाद युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया। उसके नीचे उतरने तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)