ज्वाला देवी स्कूल के विद्यार्थियों ने तीन पदक जीते:वैदिक गणित में रूद्र त्रिपाठी को स्वर्ण, पायल और संस्कृति ज्ञान टीम को रजत

Nov 13, 2026 - 21:43
0
ज्वाला देवी स्कूल के विद्यार्थियों ने तीन पदक जीते:वैदिक गणित में रूद्र त्रिपाठी को स्वर्ण, पायल और संस्कृति ज्ञान टीम को रजत
क्षेत्रीय स्तर की ज्ञान-विज्ञान और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में ज्वाला देवी सरस्वती शिशु मंदिर, सिविल लाइंस के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। भारतीय शिक्षा समिति, पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित क्षेत्रीय ज्ञान-विज्ञान मेला एवं संस्कृति महोत्सव में विद्यालय के विद्यार्थियों ने एक स्वर्ण और दो रजत पदक हासिल कर प्रयागराज का गौरव बढ़ाया। वैदिक गणित प्रयोग प्रतियोगिता में भैया रूद्र त्रिपाठी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं विज्ञान पत्र प्रस्तुति में बहिन पायल ने द्वितीय स्थान हासिल कर रजत पदक जीता। संस्कृति ज्ञान प्रश्न-मंच में अक्षत मिश्रा, शुभ पाल और नमित कुमार नामदेव की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सुल्तानपुर में आयोजित इस क्षेत्रीय महोत्सव में पूरे प्रदेश के 49 जनपदों से आए विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। विज्ञान, वैदिक गणित और संस्कृति से जुड़ी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी विषयगत समझ, तार्किक क्षमता, ज्ञान और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला। विभिन्न जनपदों के प्रतिभागियों के बीच हुई प्रतिस्पर्धा में ज्वाला देवी सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों ने तीन प्रतियोगिताओं में स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वैदिक गणित प्रयोग प्रतियोगिता में रूद्र त्रिपाठी की सफलता विद्यालय के लिए विशेष उपलब्धि रही। वैदिक गणित भारतीय गणितीय परंपरा और तार्किक चिंतन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त कर रूद्र ने अपनी गणितीय समझ और कौशल का परिचय दिया। इसी तरह विज्ञान पत्र प्रस्तुति में पायल ने दूसरा स्थान हासिल कर विज्ञान के प्रति अपनी रुचि और विषय की समझ को प्रदर्शित किया। संस्कृति ज्ञान प्रश्न-मंच में अक्षत मिश्रा, शुभ पाल और नमित कुमार नामदेव की टीम ने सामूहिक प्रदर्शन के दम पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य इंद्रजीत त्रिपाठी ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी लगन, परिश्रम और अनुशासन के साथ ही मार्गदर्शक आचार्यों के सतत प्रयासों का परिणाम है। विद्यालय परिवार ने विजेता विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शक आचार्यों को बधाई दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User