कांग्रेस-सपा में रीति-नीति नहीं मिलती, इसलिए रोज होगी जूतम-पैजार:पर्यटन मंत्री बोले- भाजपा अपने दम पर तीसरी बार बनाएगी सरकार
मैनपुरी में शनिवार दोपहर करीब एक बजे पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधा। कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन की संभावनाओं और सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर उन्होंने तंज कसा। बोले- भाजपा को नुकसान पहुंचाने के लिए हो रहा अस्थाई गठबंधन जयवीर सिंह ने कहा कि जहां रीति-नीति नहीं मिलती, वहां स्थाई सामंजस्य, सहयोग और भावनात्मक लगाव नहीं हो सकता। ऐसे में कहीं न कहीं रोज जूतम-पैजार होनी ही है। यह केवल भाजपा को नुकसान पहुंचाने के प्रयास के तहत किया जा रहा अस्थाई गठबंधन है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने दम पर आधे से ज्यादा मतदाताओं का जन-आशीर्वाद हासिल कर तीसरी बार सरकार बनाएगी। परिसीमन बिल पर बोले- सभी दल राष्ट्रहित में करें समर्थन परिसीमन बिल को लेकर मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूरा राष्ट्र उनका कृतज्ञ है। केंद्र और प्रदेश सरकार ने महिलाओं को संरक्षण देने और हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का काम किया है। राजनीतिक रूप से भी महिलाओं को अवसर देने और आरक्षित सीटों पर चुनाव कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि संसद इस बिल को पारित करेगी। राष्ट्रहित में सभी राजनीतिक दलों को अपनी राजनीतिक दीवारें तोड़कर इसका समर्थन करना चाहिए। सपा के घोषणा पत्र पर बोले- कमिटमेंट के लिए साख जरूरी समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र पर निशाना साधते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि घोषणा पत्र का मतलब कमिटमेंट होता है और कमिटमेंट उसी का होता है, जिसकी कुछ साख हो। उन्होंने आरोप लगाया कि 2012 से 2017 के बीच प्रदेश की जनता ने जंगलराज, डकैती, लूट, छिनैती, माफिया, जमीनों पर कब्जे, चौथ वसूली और दंगों का दौर देखा है। मंत्री ने कहा कि सपा को भी पता है कि वह सत्ता में आने वाली नहीं है। इसलिए कुछ भी वादा कर देना आसान है। जनता न तो ऐसे वादों पर विश्वास करेगी और न ही उन्हें तवज्जो देगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से कमल खिलेगा। मायावती के बयान पर बोले- जनता सपा के पुराने कारनामे नहीं भूली बसपा सुप्रीमो मायावती की ओर से सपा के घोषणा पत्र को छलावा बताए जाने पर जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों की याददाश्त इतनी कमजोर नहीं है कि वे 2017 से पहले अखिलेश यादव की सरकार के काले कारनामों को भूल जाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी मतदाता अपनी बहू-बेटी, संपत्ति, जमीन-जायदाद और कानून-व्यवस्था को असुरक्षित करना पसंद नहीं करेगा। अमन-चैन, सुख-शांति, विकास और कानून-व्यवस्था के लिए जनता तीसरी बार भाजपा को जनादेश देगी। अखिलेश के नौकरी वाले बयान पर बोले- चश्मा थोड़ा बदलें अखिलेश यादव के भाजपा के एजेंडे में नौकरी नहीं होने के बयान पर मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अपना चश्मा थोड़ा बदलना चाहिए। भाजपा सरकार ने साढ़े 9 लाख से अधिक नौकरियां दी हैं। हर सेक्टर में सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई गई हैं। सरकार ने युवाओं को नौकरी पाने वाले के बजाय नौकरी देने वाला बनाने का भी काम किया है। बोले- 365 दिन चुनावी मोड में रहती है भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जयवीर सिंह ने कहा कि भाजपा के लोग 12 महीने और 365 दिन चुनावी मोड में रहते हैं। पार्टी की तैयारी हर समय और हर चुनाव के लिए रहती है। मैनपुरी से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी जहां से आदेश करेगी, वहीं से चुनाव लड़ेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)