अखिलेश के घोषणा पत्र पर रवि किशन का तंज:बोले- सपा ने फिर किया झूठा वादा; तीसरी बार भी CM बनेंगे योगी
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी की ओर से चुनावी घोषणा पत्र जारी किए जाने के बाद भाजपा और सपा के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। गोरखपुर के सांसद रविकिशन शुक्ल ने सपा के घोषणा पत्र पर निशाना साधते हुए उसके पुराने चुनावी वादों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी 2014 से लेकर 2024 तक कई बार घोषणा पत्र जारी कर चुकी है। अब कितनी बार झूठे वादों वाला घोषणा पत्र जारी करेगी….उत्तर प्रदेश की जनता अब पहले जैसी नहीं रही। प्रदेश बदल चुका है और जनता झूठे वादों में आने वाली नहीं है। रविकिशन ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को संबोधित करते हुए कहा कि अब जनता को लुभावने वादे नहीं, बल्कि सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था चाहिए। गरीब मां चाहती है कि उसकी बेटी सुरक्षित रहे और किसान चाहता है कि उसकी जमीन कोई न लूटे। लोगों को अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और अपने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा चाहिए। उन्होंने कहा कि समय बदल गया है और उत्तर प्रदेश की जनता जागरूक हो चुकी है। बोले- 2014 से 2024 तक कई बार आ चुका है घोषणा पत्र सपा के घोषणा पत्र पर कटाक्ष करते हुए रविकिशन ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश को मालूम है कि समाजवादी पार्टी का घोषणा पत्र 2014, 2017, 2019, 2022 और 2024 में भी आया। अब कितनी बार झूठ वाला घोषणा पत्र जारी करेंगे? उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब अनपढ़ नहीं रहा। प्रदेश बदल गया है और यहां की जनता सब समझती है। अब जनता झूठे और लुभावने वादों में फंसने वाली नहीं है। बेटियों की सुरक्षा और किसानों की जमीन का उठाया मुद्दा भाजपा सांसद ने कहा कि आज गरीब मां की सबसे बड़ी चिंता अपनी बेटी की सुरक्षा है। किसान चाहता है कि उसकी जमीन सुरक्षित रहे और कोई उस पर कब्जा न करे। जनता को अच्छी पढ़ाई और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने इंसेफेलाइटिस का जिक्र करते हुए कहा कि अब ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि बच्चों की मौतें न हों। रविकिशन ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोगों के धर्मस्थलों की रक्षा होनी चाहिए, उन्हें तोड़ा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कांवड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि उन पर लाठियां नहीं बरसाई जानी चाहिए और न ही गोलियां चलाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गरीब जनता, युवा, माताएं और बहनें सभी सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था चाहते हैं। 9.5 लाख सरकारी नौकरियों का किया जिक्र रविकिशन ने योगी सरकार के कार्यकाल में हुई भर्तियों का जिक्र करते हुए सपा के रोजगार संबंधी वादों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पांच साल में 25 लाख युवाओं को नौकरी देने की बात कर रही है, जबकि योगी सरकार अब तक 9.5 लाख से अधिक लोगों को सरकारी नौकरी दे चुकी है। उनके मुताबिक, पिछले छह महीने में भी एक लाख लोगों को नौकरी मिली है। उन्होंने पुलिस भर्ती का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में 2 लाख 30 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती बिना खर्ची-पर्ची के हुई है। उन्होंने सवाल किया कि जब मौजूदा सरकार में इतनी भर्तियां हो चुकी हैं तो सपा अपने चुनावी वादों के जरिए जनता को क्या नया भरोसा देना चाहती है? बोले- योगी तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का दावा करते हुए रविकिशन ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार फिर से आएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी। उन्होंने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब जनता, युवा वर्ग और माताएं-बहनें अब सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था चाहती हैं। उत्तर प्रदेश में यह सब मिल रहा है। समय बदल चुका है और जनता किसी लालच या झूठे वादे में फंसने वाली नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)