कानपुर अपार्टमेंट अग्निकांड में बिल्डर समेत 5 पर FIR:फर्जी नक्शा दिखाकर बेचा था 19.50 लाख का फ्लैट, पूर्व पार्षद भी नामजद

Nov 17, 2026 - 10:49
0
कानपुर अपार्टमेंट अग्निकांड में बिल्डर समेत 5 पर FIR:फर्जी नक्शा दिखाकर बेचा था 19.50 लाख का फ्लैट, पूर्व पार्षद भी नामजद
कानपुर के पटकापुर राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड में फीलखाना पुलिस ने बिल्डर, मकान मालिक और हिस्ट्रीशीटर पूर्व पार्षद मन्नू रहमान समेत 5 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि फर्जी नक्शा दिखाकर बिल्डर ने अपने गैंग के साथ यह फ्लैट बेचा था। इतना ही नहीं फ्लैट में रहने पहुंचे तब पता चला कि लिफ्ट नहीं चलती और घटिया निर्माण के चलते बारिश का पानी फ्लैट के भीतर आता है। विरोध करने पर बिल्डर और उसके हिस्ट्रीशीट पूर्व पार्षद मन्नू रहमान समेत अन्य ने धमकी दी। अब अग्निकांड में बेटे की जिंदा जलकर मौत होने के बाद पीड़ित अनिल बाथम की तहरीर पर फीलखाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। अग्निकांड के बाद से बिल्डर समेत अन्य आरोपी घर छोड़कर भाग निकले हैं। बिल्डर ने जिंदगी भर की कमाई और बेटे को छीना, पत्नी भी गंभीर पटकापुर, बिरहाना रोड के मकान नंबर 19/47 ए राधिका अपार्टमेंट में रहने वाले एसी मैकेनिक अनिल बाथम की तहरीर पर फीलखाना पुलिस ने बिल्डर, मकान मालिक और हिस्ट्रीशीटर पूर्व पार्षद मन्नू रहमान समेत 5 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। अनिल बाथम ने बताया कि उनके 11वीं में पढ़ने वाले 16 वर्षीय इकलौते बेटे प्रांजल की अग्निकांड में जिंदा जलकर मौत हुई थी, जबकि पत्नी मीता बाथम गंभीर रूप से झुलस गई हैं, जिनका उपचार उर्सला अस्पताल में चल रहा है। इसी अग्निकांड में एक अन्य महिला की भी मृत्यु और एक बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उन्होंने बिल्डर के झांसे में आकर पांचवीं मंजिल पर बने फ्लैट को 12 दिसंबर 2024 को खरीदा था। पटकापुर में रहने वाला बिल्डर मोहित तिवारी के सहयोगी प्यारे खान और सफीक ने बिल्डर से मिलवाया था, इन लोगों ने बताया कि परेड निवासी पूर्व पार्षद मन्नू रहमान का केडीए में काफी प्रभाव है, उसके संरक्षण में ये लोग निर्माण कार्य कराते हैं। मोहित तिवारी को फंडिंग करने में प्यारे, सफीक और मन्नू रहमान शामिल रहते हैं। आरोप है कि उक्त सभी लोग एक सिंडिकेट बनाकर क्षेत्र में अवैध एवं मानकों के विपरीत बहुमंजिला इमारतें बनवाने, ग्राहकों को केडीए से नक्शा पास होने का झूठा भरोसा देकर फ्लैट बेचने तथा विरोध करने वालों को डराने-धमकाने का काम करते हैं। इसी गैंग ने प्रार्थी को अपार्टमेंट का नक्शा केडीए से स्वीकृत होने का भरोसा दिलाया और एक फर्जी नक्शा भी दिखाकर फ्लैट बेच दिया। 19.50 लाख लिखापढ़ी में और करीब 2 लाख नकद देकर जमीन की मालकिन सरबजीत कौर व बिल्डर मोहित तिवारी की भूमिका से फ्लैट की रजिस्ट्री अपने नाम कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में अनिल बाथम की तहरीर पर बिल्डर मोहित तिवारी, हिस्ट्रीशीटर पूर्व पार्षद मन्नू रहमान, प्लॉट मालिक सरबजीत कौर और बिल्डर के गुर्गे प्यारे खान व सफीक के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। झांसा देकर बेचा, लिफ्ट बंद मिली, बारिश में पानी भरा एसी मैकेनिक अनिल बाथम ने बताया कि फ्लैट में शिफ्ट होने के बाद पता चला कि यह उनके द्वारा दिखाया गया नक्शा फर्जी था। विरोध करने पर डराया धमकाया गया इसलिए शांत हो गया। फ्लैट बेचते समय लिफ्ट चालू कराने और फायर सेफ्टी के समुचित इंतजाम का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वादे पूरे नहीं किए गए। अपार्टमेंट में दीवारों में दरारें, बरसात के पानी का रिसाव, घटिया निर्माण सामग्री, लिफ्ट में करंट उतरने और अग्निशमन सुरक्षा के अभाव जैसी गंभीर समस्याएं थीं। इनकी शिकायत प्रार्थी सहित अन्य निवासी लगातार करते रहे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। धमकी और डर की वहज से उसने बिल्डर और उसके गैंग के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी। केडीए के अफसरों पर भी कार्रवाई की मांग पीड़ित ने बताया कि केडीए के संबंधित जेई एवं सुपरवाइजर का इन बिल्डरों के यहां लगातार आना-जाना और उठना-बैठना था। आरोप है कि उनकी मिलीभगत से शिकायतों को अनसुना किया जाता था और मौके पर निरीक्षण के नाम पर लेन-देन करके कार्रवाई नहीं की जाती थी। विरोध करने वाले निवासियों को आरोपी डराते-धमकाते थे, जिससे लोग खुलकर शिकायत करने से भी डरते थे। केडीए व अग्निशमन विभाग के दोषी अफसरों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित बोला-जीवन भर की कमाई और इकलौता बेटा भी छीना पीड़ित ने मांग की है कि अपार्टमेंट का स्वीकृत मानचित्र, फायर एनओसी, निर्माण संबंधी अभिलेख, बिजली की वायरिंग एवं सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराकर तकनीकी और फरेंसिक जांच कराई जाए। साथ ही आरोपियों द्वारा बनाई गई अन्य इमारतों की भी जांच हो। महोदय, प्रार्थी ने अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य के लिए जीवनभर की कमाई लगाकर फ्लैट खरीदा था, लेकिन आरोपियों की कथित धोखाधड़ी के चलते उसके जीवन भर की कमाई तो चली ही गई और इकलौते बेटे को भी छीन लिया। पत्नी भी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User