कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:महिलाएं दंडवत परिक्रमा कर छठ घाट पहुंचीं, सिपाही को गिराकर पीटा; मासूम भाइयों की मौत

Nov 16, 2026 - 06:14
0
कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:महिलाएं दंडवत परिक्रमा कर छठ घाट पहुंचीं, सिपाही को गिराकर पीटा; मासूम भाइयों की मौत
नमस्कार, कानपुर की कल (रविवार) की 10 बड़ी खबरें… छठ के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। कई महिलाएं दंडवत परिक्रमा का घाट पहुंचीं। साढ़ कस्बे में अंग्रेजी शराब ठेके की कैंटीन बंद कराने को लेकर सिपाही और युवकों में विवाद हो गया। तीन युवकों ने सिपाही को जमीन पर गिराकर पीटा। बिधनू में तेज रफ्तार निजी बस ने बाइक सवार दो मासूम भाइयों को कुचल दिया, दोनों की मौत हो गई। ऐसी ही 10 बड़ी खबरों को देखने के लिए ऊपर VIDEO पर क्लिक करें। सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें 1- महिलाएं दंडवत परिक्रमा कर छठ घाट पहुंचीं, डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया; पूजा कर डांस किया कानपुर में छठ महापर्व पर रविवार को भक्ति और उल्लास का संगम दिखा। गंगा घाटों से लेकर अरमापुर, पनकी नहर और सिद्धनाथ घाट तक हजारों श्रद्धालु जुटे। व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर छठी मइया के जयकारे और पारंपरिक गीत गूंजे। महिलाएं दंडवत परिक्रमा करते हुए पहुंचीं। महापौर प्रमिला पांडे ने अरमापुर नहर घाट पर पूजा की। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा होगा। पढ़ें पूरी खबर... 2- हवन-यज्ञ के साथ हिंदू आध्यात्मिक मेले का शंखनाद, बृजेंद्र स्वरूप पार्क में 5 दिन गूजेंगे भजन कानपुर के बेनाझाबर स्थित बृजेंद्र स्वरूप पार्क में रविवार को पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के लिए भूमि पूजन किया गया। प्रचार-प्रसार के लिए चार वाहनों को भी रवाना किया गया। 27 नवंबर को आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मेले का उद्घाटन करेंगे। इसमें 200 से अधिक सेवा संगठनों की प्रदर्शनियां लगेंगी। 27 नवंबर को कन्हैया मित्तल और 29 नवंबर को अनामिका जैन अंबर व अनन्या सिंह की प्रस्तुतियां होंगी। समापन स्वामी गोविंद देव गिरि करेंगे। पढ़ें पूरी खबर... 3- छठ पूजा के बाद पनकी नहर से कल्याणपुर तक एक किमी लंबा जाम कानपुर के पनकी नहर घाट पर रविवार शाम छठ पूजा खत्म होते ही भीषण जाम लग गया। श्रद्धालुओं की भीड़ और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों से रास्ता संकरा हो गया। पनकी नहर से कल्याणपुर क्रॉसिंग तक करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई। जाम में एंबुलेंस और एसडीएम लिखी नीली बत्ती वाली गाड़ी भी फंस गई। पुलिसकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य कराया। पढ़ें पूरी खबर... 4- मौसी के घर जा रहे दो मासूम भाइयों की बस से कुचलकर मौत, पिता ICU में कानपुर के बिधनू में तेज रफ्तार निजी बस ने बाइक सवार दो भाइयों को कुचल दिया। हादसे में आयुष (4) और पीयूष (ढाई साल) की मौके पर मौत हो गई, जबकि पिता अमर बहादुर गंभीर घायल हो गए। उन्हें हैलट के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। बच्चों की मौसी किरण शव देखकर बिलख पड़ीं। वह कहती रहीं- मैंने ही फोन कर बच्चों को बुलाया था, अब बहन को क्या मुंह दिखाऊंगी। बस चालक को राहगीरों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पढ़ें पूरी खबर... 5- मेफेड्रोन केस में नेपाल के सुल्तान की एंट्री, रिजवान से 35 बार बातचीत के सबूत कानपुर मेफेड्रोन ड्रग्स केस की जांच में नेपाल के ड्रग तस्कर सुल्तान का नाम सामने आया है। पुलिस को रिजवान के मोबाइल से एक साल में 30-35 बार बातचीत और वाट्सऐप चैट के सबूत मिले हैं। चैट में ड्रग्स के लिए कोडवर्ड इस्तेमाल किए गए। वहीं, खय्याम की तीन पत्नियों से सात बच्चे हैं, जिनमें चार बेटे कथित तौर पर तस्करी में मदद करते थे। खय्याम के एक दर्जन मोबाइल नंबर बंद मिले हैं, जिनकी आखिरी लोकेशन मुंबई के अलग-अलग इलाकों में मिली। पढ़ें पूरी खबर... 6- कानपुर में 17 नवंबर को जारी होगी मतदाता सूची, 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम कानपुर में विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू होने जा रहा है। डीएम महेंद्र सिंह तंवर के मुताबिक, 17 नवंबर को प्रारंभिक सूची जारी होगी। नाम जुड़वाने, कटवाने और गलतियां सुधारने के लिए 16 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलेगा। मतदान केंद्रों पर बीएलओ और हेल्प डेस्क मौजूद रहेंगे। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। पढ़ें पूरी खबर... 7- छठ के बाद कानपुर से दिल्ली के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, गोविंदपुरी में होगा ठहराव छठ पूजा के बाद ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कानपुर के यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। दानापुर से आनंद विहार के लिए 17 नवंबर को वन-वे ट्रेन चलेगी, जो 18 नवंबर की रात 2:30 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी। वहीं, नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल के फेरे 16 और 18 नवंबर को होंगे। मालदा टाउन-शकूरबस्ती स्पेशल भी 16 और 21 नवंबर को चलेगी। इन ट्रेनों का गोविंदपुरी स्टेशन पर पांच मिनट ठहराव रहेगा। पढ़ें पूरी खबर... 8- शराब ठेके की कैंटीन बंद कराने पर सिपाही को गिराकर पीटा, CCTV में कैद हुई घटना कानपुर के साढ़ कस्बे में अंग्रेजी शराब ठेके की कैंटीन बंद कराने को लेकर सिपाही और युवकों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद तीन युवकों ने सिपाही को जमीन पर गिराकर पीटा। पूरी घटना दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि फुटेज देखा गया है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर... 9- घाटमपुर उपडाकघर में करोड़ों के गबन के आरोप में डाक सहायक समेत 2 गिरफ्तार कानपुर के घाटमपुर उपडाकघर में खातों से रकम निकालने के मामले में पुलिस ने डाक सहायक शिवम सचान और तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल राकेश कुमार मिश्रा को गिरफ्तार किया है। डाक विभाग की जांच में दोनों पर पद का दुरुपयोग कर लोगों की जमा रकम निकालने का आरोप लगा था। आकांक्षा चौरसिया की शिकायत पर जांच में उनके माता-पिता के संयुक्त खाते से 7.13 लाख रुपए निकालने की बात सामने आई। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। पढ़ें पूरी खबर... 10- चाय पीने निकले हलवाई को ट्रक ने कुचला, मौत; मां और 3 बहनों का रो-रोकर बुरा हाल कानपुर के कल्याणपुर में रविवार सुबह चाय पीने निकले शिवम (31) को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में गंभीर घायल शिवम को पुलिस हैलट अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शिवम हलवाई का काम करता था। पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। परिवार में मां संगीता और तीन बहनें हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसकी तलाश कर रही है। पढ़ें पूरी खबर...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User