कानपुर में घटिया पैचवर्क देख भड़के MLC सलिल विश्नोई:पैरों से उखड़वाई सड़क की बजरी, छठ पूजा तैयारी देखने निरीक्षण पर निकले थे

Nov 06, 2026 - 13:47
0
कानपुर में घटिया पैचवर्क देख भड़के MLC सलिल विश्नोई:पैरों से उखड़वाई सड़क की बजरी, छठ पूजा तैयारी देखने निरीक्षण पर निकले थे
कानपुर में छठ पूजा की तैयारियों का निरीक्षण करने निकले भाजपा एमएलसी सलिल विश्नोई गुरुवार शाम सड़क का घटिया पैचवर्क देखकर भड़क गए। वीडियों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सरसैया घाट जाने वाले रास्ते पर बजरी फैली देख उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने साथ मौजूद कार्यकर्ता से सड़क का पैचवर्क पैरों से उखड़वाया तो बजरी और डामर अलग-अलग होने लगे। इस पर विश्नोई ने नगर निगम के चीफ इंजीनियर आलोक सक्सेना से कहा- 'इससे अच्छा तो आप काम न कराते तो सही था। ऐसे काम नगर निगम करेगा तो क्या होगा?' नंगे पैर पूजन करने निकलेंगी महिलाएं, सड़क पर फैली है बजरी सलिल विश्नोई ने कहा कि छठ पूजा के दौरान महिलाएं नंगे पैर सड़क से होकर पूजन के लिए घाट तक जाती हैं। ऐसे में सड़क पर बजरी फैली होने से उन्हें परेशानी होगी। उन्होंने कहा कि इस तरह का पैचवर्क लोगों के लिए मुसीबत बन सकता है। उन्होंने अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए कहा कि इस संबंध में पहले भी नगर आयुक्त को बताया गया था। इसके बावजूद रात में काम कराया गया और सड़क की हालत ऐसी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लगता है नगर आयुक्त को पता चल गया, इसलिए वे मौके पर नहीं आए। चीफ इंजीनियर बोले- काम ठीक नहीं हुआ, होगी जांच मौके पर मौजूद नगर निगम के चीफ इंजीनियर आलोक सक्सेना ने भी पैचवर्क की खराब गुणवत्ता को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि काम ठीक तरीके से नहीं हुआ है। इसकी जांच कराई जाएगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि छठ पूजा से पहले यानी 13 नवंबर तक सड़क का पैचवर्क दोबारा कराया जाएगा। इस बार काम मानकों के अनुसार और बेहतर तरीके से कराया जाएगा, ताकि छठ व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User