कासगंज में 2017 से फरार वारंटी गिरफ्तार:मकान बेचकर बदलता रहा ठिकाने, वृंदावन में छिपा था

Sep 25, 2026 - 15:04
0
कासगंज में 2017 से फरार वारंटी गिरफ्तार:मकान बेचकर बदलता रहा ठिकाने, वृंदावन में छिपा था
कासगंज जीआरपी ने 9 साल से फरार शातिर वारंटी विकास उर्फ कलुआ को मथुरा के वृंदावन से गिरफ्तार किया है। आरोपी 2017 से फरार चल रहा था। कोर्ट से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट और कुर्की के आदेश जारी थे। पुलिस के मुताबिक, विकास अपना पैतृक मकान बेचकर लगातार ठिकाने बदल रहा था। वह वृंदावन में किराए के मकान में छिपकर रह रहा था ताकि पुलिस उसे पकड़ न सके। जीआरपी पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी मदद से आरोपी की तलाश की। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उसे मथुरा के कृष्णा विहार फेज-2, आनंदपुरी इलाके से पकड़ा गया। कासगंज कोर्ट में उसके खिलाफ 2017 के आर्म्स एक्ट के एक मामले में कुर्की और कई गैर-जमानती वारंट जारी थे। विकास उर्फ कलुआ एक शातिर अपराधी है। वह चलती ट्रेनों में चोरी, अवैध हथियार रखने, नशीले पदार्थों और शराब की तस्करी जैसे मामलों में शामिल रहा है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना पता बदलता रहता था। जीआरपी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जीआरपी कासगंज, जीआरपी मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन और आगरा कमिश्नरेट के अलग-अलग थानों में कुल 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें ट्रेन चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के मामले शामिल हैं। गिरफ्तारी की कार्रवाई जीआरपी कासगंज के थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह, कांस्टेबल सौरभ चौधरी और कांस्टेबल आकाश फौजदार शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User