केशव मौर्य की अखिलेश को चुनौती मथुरा चलकर ईदगाह हटाएं:सपा-कांग्रेस 2047 तक सत्ता में नहीं लौटेंगी 60 फीसदी वोट भाजपा का बाकी में बंटवारा

Nov 15, 2026 - 16:45
0
केशव मौर्य की अखिलेश को चुनौती मथुरा चलकर ईदगाह हटाएं:सपा-कांग्रेस 2047 तक सत्ता में नहीं लौटेंगी 60 फीसदी वोट भाजपा का बाकी में बंटवारा
"अखिलेश यादव अयोध्या तो न जाएं, क्योंकि रामभक्त उन्हें क्षमा नहीं करेंगे। अभी मथुरा का स्थान बाकी है। अगर हिम्मत है तो वे मथुरा चलें और कहें कि वहां से ईदगाह को हटाया जाए और भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनाया जाए, केशव प्रसाद भी उनके साथ चलेगा।" यह तीखा बयान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को बरेली के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित भाजपा के 'प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सामाजिक समरसता सम्मेलन' के बाद मीडिया से बातचीत में दिया। उन्होंने दावा किया कि 2047 तक न तो उत्तर प्रदेश में सपा की वापसी होगी और न ही देश में कांग्रेस सत्ता में लौटेगी। मथुरा विवाद पर अखिलेश को घेरा, कहा- रामभक्त माफ नहीं करेंगे बरेली में कार्यक्रम के समापन के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अखिलेश को अयोध्या नहीं जाना चाहिए, क्योंकि रामभक्त उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। मथुरा का जिक्र करते हुए डिप्टी सीएम ने अखिलेश को सीधी चुनौती दी कि वे मथुरा चलें और वहां से ईदगाह हटाकर भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर बनाने की बात कहें। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश में यह हिम्मत है, तो वे खुद भी उनके साथ चलने को तैयार हैं। 'लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा' नारे पर पलटवार अखिलेश यादव के 'लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा' वाले बयान पर पलटवार करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि लैपटॉप बांटना सपा का काम नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के लोग केवल यही बोल सकते हैं कि कट्टा और बम जीतेगा, विकास और कानून-व्यवस्था हारेगी तथा गुंडे, अपराधी और दंगाई जीतेंगे। डिप्टी सीएम ने कहा कि अपराध करने वाले जितने भी माफिया और गुंडे थे, वे सभी समाजवादी पार्टी में रहे हैं और अखिलेश यादव उनके मुखिया हैं। ओवैसी के मोर्चे और 60-40 के चुनावी समीकरण पर दावा असदुद्दीन ओवैसी के 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' और विपक्षी गठबंधनों पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे ओवैसी का मोर्चा हो या अखिलेश यादव का, ये सभी भाजपा के विरोधी हैं। चुनावी गणित समझाते हुए उन्होंने नारा दिया कि 100 में से 60 प्रतिशत वोट भाजपा का है और बाकी 40 प्रतिशत में बंटवारा है, तथा उस बंटवारे में भी भाजपा का हिस्सा है। इसी आधार पर उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में तीसरी बार बड़े बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी और 2047 तक यूपी से भाजपा जाने वाली नहीं है। उन्होंने बरेली मंडल की सभी 25 सीटें जीतने का संकल्प भी दोहराया। फोन टैपिंग आरोपों पर राहुल गांधी को घेरा, सैम पित्रोदा का दिया हवाला प्रधानमंत्री पर लगाए जा रहे फोन टैपिंग के आरोपों को लेकर डिप्टी सीएम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पहले अपने राजनीतिक गुरु सैम पित्रोदा से पूछ लेना चाहिए, जो खुद कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री फोन टैप नहीं करा रहे और राहुल गलत आरोप लगा रहे हैं। केशव मौर्य ने कांग्रेस को पहले अपने भीतर एकमत होने की सलाह दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी शक्तियों के इशारे पर बयानबाजी कर तथाकथित आंदोलनों को हवा देते हैं और देश में दुष्प्रचार कर माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं, लेकिन सपा और कांग्रेस की कोई भी साजिश कामयाब नहीं होगी। मंच पर दिग्गजों का जमावड़ा और प्रतिभाओं का सम्मान इससे पहले एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित सम्मेलन में करीब एक हजार लोगों की मौजूदगी में समाज के विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डॉ. एमपी आर्य, डॉ. डीसी वर्मा, सलोनी कुशवाहा, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, एमएलसी महाराज सिंह, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा और महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना मंच पर मौजूद रहे। समारोह में रिदम शर्मा, आरती मौर्या, दीपिका मौर्य, डॉ. राजेश, डॉ. भारत गंगवार, रेखा मौर्य, मोदी सक्सेना, स्वाति गंगवार, सिंगल सक्सेना, शालिनी यादव, यामिनी चौहान, अमृता पटेल, प्रियांशी, अखिलेश और विशेष भूमिका मौर्य को सम्मानित किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User