खेरेश्वर मंदिर में शिवलिंग पर चढ़ाया मांस, हंगामा:अलीगढ़ के प्रसिद्ध मंदिर पर 3 दिन बाद फिर पहुंचा आरोपी दबोचा; बोला- पुतिन ने कहा था, भोलेनाथ ने बुलाया था

Nov 03, 2026 - 12:50
0
खेरेश्वर मंदिर में शिवलिंग पर चढ़ाया मांस, हंगामा:अलीगढ़ के प्रसिद्ध मंदिर पर 3 दिन बाद फिर पहुंचा आरोपी दबोचा; बोला- पुतिन ने कहा था, भोलेनाथ ने बुलाया था
अलीगढ़ के सिद्धपीठ खेरेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग पर मांस के टुकड़े चढ़ाने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। आरोप है कि 31 अक्टूबर की शाम करीब 4:30 बजे एक व्यक्ति मंदिर पहुंचा और शिवलिंग पर बकरे का मांस चढ़ाकर चला गया। इतना ही नहीं, वह कोल्ड ड्रिंक की बोतल में कोई पेय पदार्थ भी लेकर आया था, जिसे शिवलिंग पर चढ़ाया। सफाई के दौरान मंदिर के सेवादारों को मांस के टुकड़े मिले तो खलबली मच गई। CCTV फुटेज खंगाली गई तो एक व्यक्ति यह हरकत करता दिखाई दिया। तीन दिन से तलाश, मंगलवार को फिर पहुंचा मंदिर प्रबंधन के मुताबिक, CCTV में पहचान होने के बाद से ही सेवादार उस व्यक्ति की तलाश और निगरानी कर रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 10:15 बजे वही व्यक्ति दोबारा मंदिर पहुंच गया। इस बार उसके हाथ में बोतल के साथ छोले-भटूरे, समोसे और अन्य खाद्य सामग्री थी। सेवादारों ने उसे पहचानते ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अवरार निवासी गणेशपुर बताया। मंदिर कमेटी का दावा है कि उसने 31 अक्टूबर को बकरे का मांस लाकर शिवलिंग पर चढ़ाने की बात स्वीकार की। पुतिन का नाम लिया, बोला- भोलेनाथ ने बुलाया मंदिर परिसर में पकड़े जाने के बाद जब उससे सवाल किए गए तो उसके जवाब भी चौंकाने वाले थे। उससे पूछा गया कि वह मांस लेकर मंदिर क्यों आया था और किसने ऐसा करने को कहा था? इस पर वह रूसी राष्ट्रपति पुतिन का नाम लेने लगा। उसने कहा कि पुतिन ने उससे ऐसा करने को कहा था और भोलेनाथ ने उसे बुलाया था। उसने खुद को बेसिक स्कूल का शिक्षक भी बताया। हालांकि, उसके इन बयानों की वास्तविकता और घटना के पीछे की वजह की पुलिस जांच कर रही है। मंदिर संरक्षक बोले- सफाई में मिले थे मांस के टुकड़े मंदिर के संरक्षक पंडित दयानंद भारती ने बताया कि 31 अक्टूबर को सेवादार सफाई कर रहे थे, तभी शिवलिंग के पास मांस के टुकड़े मिले। इसके बाद CCTV कैमरे खंगाले गए। फुटेज में एक व्यक्ति मांस चढ़ाकर जाता दिखाई दिया। मंदिर के सेवादार लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार को दोबारा मंदिर पहुंचने पर उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। करणी सेना और गौरक्षा दल ने घेरा थाना घटना की जानकारी मिलते ही करणी सेना के पदाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह चौहान और गौरक्षा दल के नेता भी मंदिर पहुंच गए। आरोपी को पुलिस के सुपुर्द करने के बाद दोनों संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लोधा थाने पहुंच गए। यहां थाने का घेराव कर हंगामा किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि खेरेश्वर मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। यहां इस तरह की हरकत के पीछे माहौल बिगाड़ने की साजिश तो नहीं, इसकी भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए। एसपी सिटी और सीओ पहुंचे, पूछताछ जारी थाने पर हंगामे और तनाव की सूचना पर एसपी सिटी आदित्य बंसल और सीओ गभाना सृष्टि जैन भी पहुंच गए। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह मांस कहां से लाया था, शिवलिंग पर चढ़ाने के पीछे उसका मकसद क्या था और क्या इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। पुलिस CCTV फुटेज और आरोपी के बयानों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User