बागपत में जमीन विवाद में धमकी देने का आरोप:एसपी से सुरक्षा, जमीन कब्जा मुक्त कराने और मुकदमे की निष्पक्ष जांच की मांग की
बागपत के ढिकाना गांव में जमीन विवाद को लेकर विजय तोमर ने विपक्षियों पर उत्पीड़न, समझौते का दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने एसपी से सुरक्षा, जमीन कब्जा मुक्त कराने और अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
विजय तोमर के मुताबिक, वह स्वर्गीय ब्रह्मपाल के बेटे और परिवार के अकेले वारिस हैं। उनके दादा के नाम छह बीघा जमीन थी। इसमें से एक बीघा जमीन गांव के सतपाल को बेची गई थी।
विजय का आरोप है कि सतपाल ने धोखाधड़ी कर ढाई बीघा जमीन अपने नाम दर्ज करा ली। इस मामले में अदालत के आदेश पर बड़ौत थाने में 2021 में मुकदमा दर्ज हुआ था। उनके मुताबिक, इस मुकदमे में आरोपी जेल भी गए थे।
विजय ने आरोप लगाया कि आरोपियों के जेल से बाहर आने के बाद से उन पर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। समझौता नहीं करने पर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
उनके मुताबिक, करीब सात महीने पहले आरोपियों के खिलाफ अदालत से वारंट जारी हुए थे। डर के कारण वह अपनी मां के साथ गांव छोड़कर किराये के मकान में रहने लगे।
विजय का आरोप है कि अब विपक्षियों ने सुनील की ओर से उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उनका कहना है कि वह पिछले कई दिनों से दिल्ली में अपनी मां का इलाज करा रहे हैं।
विजय तोमर ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच, अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे में न्याय, जान-माल की सुरक्षा और पैतृक जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)