कुकर्म पीड़ित बच्चे की मां को दी थी धमकी:प्रयागराज में रास्ते में रोककर बोले, जान से मार देंगे, खौफजदा महिला घर छोड़ने को हुई थी मजबूर
प्रयागराज के रसूलाबाद मस्जिद में किशोर से कुकर्म के मामले में पीड़ित परिवार को धमकी भी दी गई थी। घटना के बाद जिस दिन किशोर की मां पेश इमाम के खिलाफ शिकायत करने थाने जा रही थीं, उसी दिन रास्ते में दो लोगों ने उन्हें रोक लिया था। दोनों ने महिला को जान से मारने की धमकी दी थी। कहा था कि अगर पुलिस में शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा। यही नहीं, महिला के पति की सैलून की दुकान भी खाली कराने की धमकी दी गई थी। फिलहाल पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। दरअसल, रसूलाबाद मस्जिद में अरबी पढ़ने जाने वाले 14 वर्षीय किशोर के साथ पेश इमाम मोहम्मद जाहिद पर चार दिन तक कुकर्म करने का आरोप है। किशोर की मां की शिकायत पर शिवकुटी पुलिस ने 22 नवंबर को एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। अब इसी मामले में पीड़ित परिवार को धमकाने वाले दो अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है। शिकायत करने थाने जा रही मां को रास्ते में रोका था पीड़ित किशोर की मां का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जिस दिन वह पुलिस से शिकायत करने जा रही थीं, उसी दिन रास्ते में दो लोगों ने उन्हें रोक लिया था। दोनों ने शिकायत न करने का दबाव बनाया और धमकी दी थी कि अगर उन्होंने पुलिस में शिकायत की तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। आरोप है कि दोनों ने महिला के पति की दुकान को लेकर भी धमकाया था। कहा था कि सैलून की दुकान खाली करा देंगे। इस तरह परिवार को पुलिस तक मामला पहुंचाने से रोकने की कोशिश की गई। इसके बाद वह इस कदर खौफजदा हो गई कि अपने बेटे को लेकर घर छोड़कर भाग निकली। आरोपी इमाम की बताई जा रही सैलून वाली बिल्डिंग महिला का पति नाई की दुकान यानी सैलून चलाता है। शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि जिस बिल्डिंग में उसकी दुकान है, वह आरोपी पेश इमाम मोहम्मद जाहिद की बताई जा रही है। किशोर की मां ने यह भी आराेप लगाया है कि इसी वजह से दुकान खाली कराने की धमकी देकर परिवार पर दबाव बनाया गया। धमकी देने के आरोप में नामजद दोनों लोग मेहंदौरी कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उन्हें भी इस मामले में आरोपी बनाया है। फिलहाल दोनों की तलाश की जा रही है। चार दिन तक किशोर के साथ कुकर्म का है आरोप मामले में 14 वर्षीय किशोर पिछले करीब तीन महीने से रसूलाबाद मस्जिद में अरबी पढ़ने जा रहा था। आरोप है कि 11 से 14 नवंबर के बीच पेश इमाम मोहम्मद जाहिद ने उसके साथ लगातार चार दिन तक कुकर्म किया। 14 नवंबर को घर लौटने पर किशोर ने अपनी मां को आपबीती बताई थी। मां की शिकायत पर पुलिस ने 22 नवंबर को एफआईआर दर्ज कर आरोपी पेश इमाम को गिरफ्तार किया था। अब पीड़ित परिवार को धमकाने के दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)