चौबारी मेले में डूबे 12 वर्षीय मानव का सुराग नहीं:रामगंगा में डूबे थे तीन बच्चे, दो को गोताखोरों ने बचाया, 18 घंटे से सर्च ऑपरेशन जारी
बरेली के चौबारी मेले में कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान रामगंगा में डूबे 12 वर्षीय मानव का 18 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। मंगलवार दोपहर हुए इस हादसे के बाद से ही एसडीआरएफ, पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की टीमें मोटरबोट के जरिए लगातार नदी खंगाल रही हैं। नदी की तेज धार के कारण सर्च ऑपरेशन में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं घाट पर डटे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे में मानव के साथ दो अन्य बच्चे भी डूबे थे, जिन्हें गोताखोरों ने तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। आंवला के कमठेना गांव से परिवार संग आया था मासूम
लापता हुआ 12 वर्षीय मानव आंवला क्षेत्र के कमठेना गांव का रहने वाला है। मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए वह अपने पिता चंद्र प्रकाश और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ चौबारी मेले में पहुंचा था। दोपहर करीब एक से दो बजे के बीच पिता-पुत्र रामगंगा घाट पर डुबकी लगा रहे थे। इसी दौरान मानव अपने हमउम्र बच्चों के साथ पानी में अठखेलियां करते हुए अचानक गहरे कुंड की तरफ चला गया। देखते ही देखते मानव और उसके दो साथी पानी में डूबने लगे। घाट पर मौजूद गोताखोरों ने दो बच्चों को तो सुरक्षित किनारे खींच लिया, लेकिन मानव गहराई में लापता हो गया। बेटे को बचाने की जद्दोजहद में खुद डूबने लगे थे पिता
सुभाषनगर इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन के मुताबिक, मंगलवार को आंखों के सामने बेटे को डूबता देख पिता चंद्र प्रकाश बदहवास होकर गहरे पानी की ओर लपके थे। बेटे को थामने की कोशिश में उनका पैर फिसला और वे खुद भी तेज धार में फंसकर डूबने लगे। गनीमत रही कि पास मौजूद गोताखोरों की नजर उन पर पड़ गई और उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद से ही पूरा परिवार घाट पर ही डेरा डाले हुए है और सभी नम आंखों से मानव के सुरक्षित लौटने की दुआ कर रहे हैं। हजार जवान और वॉच टावर के बावजूद सुरक्षा पर सवाल
कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने के मद्देनजर प्रशासन ने चाक-चौबंद सुरक्षा का दावा किया था। मेला क्षेत्र में करीब एक हजार पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी, एसडीआरएफ, मोटरबोट और गोताखोरों की फौज उतारी गई थी। निगरानी के लिए नौ वॉच टावर, 18 मोबाइल टीमें और सीसीटीवी कैमरे भी सक्रिय थे। इतने भारी बंदोबस्त के बावजूद बच्चों का गहरे कुंड तक चले जाना घाटों पर की गई बैरिकेडिंग और जल पुलिस की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)