लखनऊ में एम्बुलेंस टेक्नीशियन का धरना:GVK EMRI ऑफिस के बाहर जुटे कई हजार टेक्नीशियन, कहा- डिप्टी सीएम की भी नहीं सुन रहे

Oct 21, 2026 - 15:59
0
लखनऊ में एम्बुलेंस टेक्नीशियन का धरना:GVK EMRI ऑफिस के बाहर जुटे कई हजार टेक्नीशियन, कहा- डिप्टी सीएम की भी नहीं सुन रहे
लखनऊ में GVK EMRI ऑफिस के बाहर बुधवार को एम्बुलेंस टेक्नीशियन धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रदेश के कई जिलों से बड़ी संख्या में टेक्नीशियन पहुंचे। इनका आरोप है कि डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के कहने के बाद भी कंपनी उन्हें नौकरी पर वापस नहीं रख रही है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। टेक्नीशियन ने कंपनी के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की, लेकिन कोई मिलने को तैयार नहीं हुआ। धरने की अगुवाई कर रहे शरद यादव ने दावा किया कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों से करीब 3 से 4 हजार टेक्नीशियन लखनऊ पहुंचे हैं। उनका आरोप है कि कंपनी ने बिना कोई ठोस कारण बताए उन्हें नौकरी से निकाल दिया था। कुछ समय पहले डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कंपनी के अधिकारियों से बातचीत कराकर नौकरी पर वापसी का भरोसा दिया था। इसके बावजूद कंपनी के अधिकारी उनकी बात नहीं सुन रहे हैं। शरद यादव ने कहा कि अब टेक्नीशियनों के पास आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। कर्मचारी अपने घर छोड़कर लखनऊ आ गए हैं और यहीं कैंप कर रहे हैं। जब तक नौकरी वापस नहीं मिलती, तब तक लखनऊ नहीं छोड़ेंगे। कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट को भेजी गई लिस्ट संतकबीरनगर से आए आर्यन चौधरी ने बताया कि डिप्टी CM की ओर से कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट रेड्डी को नौकरी पर वापस रखने के लिए टेक्नीशियनों की लिस्ट भेजी गई थी। उनसे कहा गया था कि वे संबंधित जगह पर जाकर दोबारा जॉइनिंग कर लें। इसके बावजूद कंपनी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे सुबह से कंपनी के ऑफिस के बाहर बैठे हैं, लेकिन कोई अधिकारी उनसे बात करने नहीं आया। कर्मचारियों ने एक बार फिर डिप्टी CM को पूरे मामले की जानकारी दी है। उन्होंने दोबारा कंपनी से बातचीत कराने का भरोसा दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User