किसान दिवस में अधिकारी अनुपस्थित, वेतन रोकने की चेतावनी दी:सर्विस रोड, जल निगम की शिकायतें मिलीं, किसानों ने कार्यशैली पर उठाए सवाल

Oct 21, 2026 - 15:59
0
किसान दिवस में अधिकारी अनुपस्थित, वेतन रोकने की चेतावनी दी:सर्विस रोड, जल निगम की शिकायतें मिलीं, किसानों ने कार्यशैली पर उठाए सवाल
शामली में आयोजित पांचवें किसान दिवस में किसानों की समस्याओं का निस्तारण नहीं होने का मुद्दा उठा। किसानों ने कई विभागों से जुड़ी शिकायतें करते हुए अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। दिल्ली-देहरादून हाईवे की सर्विस रोड बाधित होने, शामली-मेरठ बस सेवा की कमी, गांवों के संपर्क मार्गों की बदहाली और रजवाहे में गंदगी जैसी समस्याओं को लेकर अधिकारियों के सामने शिकायतें रखीं। किसानों ने आरोप लगाया कि जिले में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और कई अधिकारी जनसमस्याओं के समाधान के बजाय पैसों के लिए काम कर रहे हैं। इस दौरान खनन अधिकारी से जुड़ा मुद्दा भी उठा। किसानों ने कहा कि लगातार शिकायतें देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इस पर सीडीओ विजेंद्र कुमार शुक्ला ने किसान दिवस में अनुपस्थित संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने की कार्रवाई करने की बात कही। सर्विस रोड पर गड्ढे खोदकर रास्ता रोकने का आरोप भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की ओर से ग्राम भिक्का माजरा में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर फुगाना से बुटराड़ा तक बनी सर्विस रोड का मुद्दा उठाया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि भिक्का माजरा के कुछ किसानों ने गड्ढे खोदकर उनमें ट्यूबवेल का पानी भर दिया है, जिससे रास्ता बाधित हो रहा है। इससे करीब 50 से 60 गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित होने की बात कही गई। किसान संगठन के अनुसार, इस संबंध में पहले भी पांच से छह बार किसान दिवस में प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। शिकायत में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के ठेकेदार की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए। किसानों ने सड़क का काम पूरा कराने और आवागमन सुचारु करने की मांग की। शामली-मेरठ बस सेवा बढ़ाने की मांग किसानों ने शामली से मेरठ के बीच शाम पांच बजे के बाद बसों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई। शिकायत के अनुसार, शाम पांच बजे से पहले बसों की उपलब्धता अपेक्षाकृत बेहतर रहती है, जबकि इसके बाद बसों के बीच का अंतराल करीब एक घंटे तक हो जाता है। किसानों ने मांग की कि शाम पांच बजे के बाद 15 से 20 मिनट के अंतराल पर बसें चलाई जाएं, ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। कई गांवों को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग जर्जर एक अन्य शिकायत में मांगे, खंद्रावली, पापी, भीमला और मतनावली सहित गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब आठ से दस वर्ष पहले बने इस मार्ग की हालत खराब हो चुकी है। जगह-जगह सड़क टूटने से वाहनों और पैदल राहगीरों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क किनारे उगी झाड़ियों के कारण भी दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। शिकायतकर्ता ने सड़क का पुनर्निर्माण कराने और दोनों ओर की झाड़ियों की सफाई कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश देने की मांग की। बरसात में कच्चे रास्ते का कटाव, नहर की पटरी भी क्षतिग्रस्त हसनपुर के ग्रामीणों ने कच्चे रास्ते और नहर की पटरी क्षतिग्रस्त होने की शिकायत उठाई। प्रार्थना पत्र में करीब 600 मीटर लंबे रास्ते के बरसात में कटने की बात कही गई। ग्रामीणों के अनुसार, नहर की पटरी भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। रास्ता संकरा होने के कारण स्कूल बसों, भैंसा-बुग्गी और अन्य वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पहले भी इसकी जानकारी दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की। रजवाहे में गंदगी से बीमारी फैलने की आशंका किसान दिवस में रजवाहे की सफाई का मुद्दा भी उठाया गया। शिकायत में कहा गया कि गंदगी के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। साथ ही मच्छरों और हानिकारक कीटों के पनपने से बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। शिकायतकर्ता ने रजवाहे की सफाई कराने, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने और नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। गैरहाजिर अधिकारियों का वेतन रोकने की चेतावनी किसान दिवस में समस्याओं के निस्तारण में देरी और संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर किसानों ने नाराजगी जताई। इस पर सीडीओ विजेंद्र कुमार शुक्ला ने कहा कि किसान दिवस में अनुपस्थित संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि किसानों की ओर से उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग कब तक कदम उठाते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User