आगरा में ईदगाह-खेरिया ROB बंद,धरने पर बैठे व्यापारी:लोगों ने लगाए पुल बनाओ उल्लू न बनाओ के पोस्टर, बोले- 8 साल में 4 बार उद्घाटन, बने सिर्फ 4 पिलर
ईदगाह-खेरिया आरओबी के निर्माण के चलते बनाए गए वैकल्पिक मार्ग बारहखंभा की हालत बद से बदतर हो गई है। तीन दिन बाद भी प्रशासन ने न अतिक्रमण हटाया और न गड्ढे भरे। सड़क पर कीचड़ से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। समाधान न होने से नाराज लोगों ने मंगलवार को अर्जुन नगर तिराहे पर धरना शुरू कर दिया। मंगलवार को लोगों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया, काले झंडे लगाए और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बुधवार को भी दर्जनों लोग धरने पर डटे रहे। लोगों ने चेतावनी दी है कि मांग नहीं मानी तो अनिश्चितकालीन धरना चलेगा। समाजसेवी श्याम सुंदर ने कहा कि शाम को शक्ति प्रदर्शन करते हुए खेरिया मोड़ से अर्जुन नगर तिराहा होते हुए शाहगंज फाटक तक पैदल मार्च निकालकर विरोध जताया जाएगा। आयोजकों ने कहा कार्यक्रम शांतिपूर्ण रहेगा। अगर मांगे नहीं मानी उग्र प्रदर्शन करने को भी मजबूर होंगे। दुकानदारों ने घेर रखी सड़क
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने तीन दिन में रास्ता ठीक कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन हालात जस के तस हैं। दुकानदारों ने दुकानों के आगे अतिक्रमण कर रखा है, जिससे रास्ता संकरा हो गया है। गड्ढों और कीचड़ से राहगीर गिर रहे हैं, वाहन फंस रहे हैं। आक्रोशित लोगों ने अर्जुन नगर तिराहा, बारहखंभा, खेरिया मोड़ और अजीत नगर चौराहे पर पोस्टर लगाकर ‘पुल बनाओ, उल्लू न बनाओ’ का संदेश दिया। लोगों की मांग है कि रुई की मंडी-बारहखंभा आरओबी का निर्माण चुनाव से पहले पूरा कराया जाए।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि 8 साल में 4 बार उद्घाटन होने के बाद भी सिर्फ 4 पिलर ही बने हैं। उन्होंने निर्माण कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दूसरी कंपनी से काम कराने की मांग की। धरने में इंद्रपाल सिंह, दिग्विजय सिंह, जितेंद्र लवानिया, कन्हैया राय, राजेश यादव, ललित शर्मा, सोम चौधरी और विनोद कुमार मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)