लखनऊ में लापता बुजुर्ग के अपहरण की FIR:30 लाख की फिरौती मांगने का आरोप; गोंडा-अयोध्या तक तलाश, अब तक सुराग नहीं
लखनऊ के अमीनाबाद कोतवाली से 20 अक्टूबर को लापता हुए बुजुर्ग राम नारायण वाजपेई के मामले में पुलिस ने अपहरण की धाराओं में नई एफआईआर दर्ज की है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बुजुर्ग को अगवा कर उनसे संपर्क नहीं करने दिया जा रहा है। परिवार से अलग-अलग लोगों के जरिए कुल 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। आलमबाग निवासी उनकी बेटी आंचल बाजपेई पाठक की शिकायत पर 22 नवंबर की रात मुकदमा दर्ज किया गया। परिजनों का कहना है कि एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी उनके पिता का पता नहीं चला है। परिवार ने पुलिस पर शुरुआत में कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। वहीं, डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बुजुर्ग परिवार को बताकर शिवम के साथ निकले थे। गुमशुदगी के मामले को अब अपहरण की धाराओं में दर्ज किया गया है। पुलिस ने गोंडा और अयोध्या तक उनकी लोकेशन ट्रेस की है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। सोशल मीडिया पर मदद की गुहार, पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप राम नारायण वाजपेई के अपहरण का आरोप लगाते हुए उनकी बेटी की एक दोस्त ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मदद की गुहार लगाई है। पोस्ट में कहा गया है कि राम नारायण वाजपेई का अपहरण किया गया है और अपहरणकर्ता फिरौती मांग रहे हैं। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि परिवार ने अमीनाबाद थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस की ओर से ठोस मदद नहीं मिली। परिवार ने दावा किया कि अपहरणकर्ता ने पैसे नहीं देने पर राम नारायण की हत्या करने और शव घर भेजने की धमकी दी है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने आरोपी के घर का पता लगाकर पुलिस को जानकारी दी। एफआईआर में आरोपी के परिवार के सदस्यों के नाम भी दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक किसी को हिरासत में लेकर पूछताछ नहीं की गई। परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में शिकायत की। बुजुर्ग के बेटे और बेटी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात कर मामले में कार्रवाई और पिता की सकुशल वापसी की गुहार लगाई। वॉट्सऐप कॉल से मांगे 5 हजार रुपए शिकायतकर्ता आंचल वाजपेई के मुताबिक, पिता के लापता होने के बाद परिवार ने अपने स्तर से तलाश शुरू की। इस दौरान पता चला कि उनके पिता राम नारायण वाजपेई, शिवम गुप्ता उर्फ शोभित कृष्ण शुक्ला के साथ हैं। आरोप है कि पिता का फोन बंद होने के बावजूद एक अज्ञात नंबर से वॉट्सऐप कॉल के जरिए कभी-कभी परिवार के सदस्यों से उनकी बात कराई जाती थी। 21 अक्टूबर को वॉट्सऐप कॉल के जरिए उनके भाई के नंबर पर 5 हजार रुपए मांगे गए। 2 नवंबर को अधिक रकम भेजने के लिए कहा गया। ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। तीन लोगों से मांगे 30 लाख रुपए शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 3 नवंबर को पुलिस ने सीतापुर के रामपुर कलां, सिधौली क्षेत्र स्थित शिवम गुप्ता के पैतृक गांव कंदूनी में पूछताछ की थी। इसके बाद बुजुर्ग के मित्र लक्ष्मी चौरसिया से एक लाख रुपए, बड़ी बेटी शुचि शुक्ला से चार लाख रुपए और शिकायतकर्ता के पति पुष्कर पाठक से 25 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। अयोध्या के होटल से जुड़ा मामला परिजनों के मुताबिक, पड़ताल के दौरान अयोध्या के रामांजननेय होटल से जुड़ी जानकारी सामने आई। आरोप है कि ड्राइवर नीटू कनौजिया बुजुर्ग और शिवम गुप्ता को होटल छोड़कर गया था। परिवार ने शिकायत में दावा किया है कि पुलिस के साथ होटल पहुंचने की तैयारी से पहले ही होटल संचालक ने संबंधित लोगों को अपनी गाड़ी से गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचाया। इसके बाद उन्हें दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया गया। पांच लोगों की भूमिका पर जताया संदेह परिवार ने शिवम गुप्ता उर्फ शोभित कृष्ण शुक्ला, राजकुमार गुप्ता, रामेश्वरी गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता और ड्राइवर नीटू कनौजिया की भूमिका संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है। साथ ही होटल संचालक की भूमिका की भी जांच कराने का अनुरोध किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)