लखनऊ में महिलाएं धूमधाम से मना रही है करवा चौथ:8:20 बजे चंद्रोदय होने का अनुमान , पति की लंबी आयु के लिए रखा व्रत
लखनऊ में गुरुवार को करवा चौथ का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुहागिन महिलाएं सोलह शृंगार कर पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ व्रत रख रही हैं। दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद महिलाओं को रात में चंद्रमा के दीदार का इंतजार है। चंद्रमा को अर्घ्य देने और पति के हाथों जल ग्रहण करने के बाद महिलाएं व्रत खोलेंगी। इस मौके पर घरों में पूजा की तैयारियां की गई हैं और महिलाओं में पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार करवा चौथ पर चंद्रमा की स्थिति को ज्योतिषीय दृष्टि से खास माना जा रहा है। कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी पर चंद्रमा अपनी उच्च राशि वृषभ में रोहिणी नक्षत्र में रहेगा। इसके साथ ही परिधि, लक्ष्मीनारायण राजयोग और बुधादित्य योग का संयोग भी बन रहा है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इन योगों को पर्व की शुभता बढ़ाने वाला माना जाता है। लखनऊ में रात 8:20 बजे चंद्रोदय होने का अनुमान है। पतियों ने भी बढ़ाया उत्साह करवा चौथ के मौके पर पति भी अपनी पत्नियों की खुशियों में भागीदार बन रहे हैं। कई पतियों ने अपनी पत्नियों को खास तोहफे दिए, वहीं कुछ ने खरीदारी और व्रत की तैयारियों में भी सहयोग किया। महिलाओं ने नए कपड़े, चूड़ियां, आभूषण और मेहंदी से सजकर पर्व की तैयारियां पूरी कीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)