लोकार्पण के 15 दिन बाद रेलवे अंडरपास बंद:पडरौना में 6 करोड़ से बना अंडरपास, कार्य गुणवत्ता पर उठा सवाल
कुशीनगर के पडरौना शहर के सुभाष चौक-कोतवाली मुख्य मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास का लोकार्पण हुए अभी 15 दिन भी नहीं बीते कि निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। करीब छह करोड़ रुपये की लागत से बने इस अंडरपास को क्षतिग्रस्त होने और दीवारों से पानी का रिसाव शुरू होने के कारण बंद करना पड़ा है। मरम्मत के लिए आवागमन रोक दिए जाने से लोगों को एक बार फिर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिस अंडरपास से शहरवासियों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद थी, उसके इतने कम समय में बंद होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
दरअसल, पडरौना शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए रेलवे क्रॉसिंग पर करीब छह करोड़ रुपये की लागत से अंडरपास का निर्माण कराया गया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद तीन नवंबर को सांसद विजय कुमार दुबे और सदर विधायक मनीष जायसवाल ने इसका लोकार्पण किया था। इसके शुरू होने से शहर के लोगों को रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद जगी थी। शुरुआत में वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई थी, लेकिन कुछ ही दिनों में अंडरपास के अंदर की दीवारों से पानी का रिसाव होने लगा। वाहनों के लगातार दबाव के चलते इसके कुछ हिस्से भी क्षतिग्रस्त हो गए।
स्थिति बिगड़ने पर रेलवे की ओर से अंडरपास में बैरिकेडिंग कराकर आवागमन बंद कर दिया गया। अब क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराई जा रही है। इसके चलते दोपहिया और चारपहिया वाहनों को दूसरे रास्तों से गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास का निर्माण शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कराया गया था, लेकिन लोकार्पण के कुछ ही दिनों बाद इसे बंद करना पड़ना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
एक-दो दिन में मरम्मत पूरी होने के बाद खुलेगा रास्ता
रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर मधुकर कुमार के अनुसार, वाहनों का दबाव बढ़ने से अंडरपास का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। दीवारों से पानी का रिसाव होने के कारण प्रभावित हिस्से की मरम्मत कराई जा रही है। कार्य पूरा होने के बाद एक-दो दिन में अंडरपास को फिर से आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य में लापरवाही की जांच भी कराई जा रही है। कमियां मिलने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा।
स्थानीय लोगों ने उठाए निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल
स्थानीय निवासी सोनू वर्मा का कहना है कि अंडरपास शुरू होने के बाद वाहनों का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है। ऐसे में निर्माण के दौरान गुणवत्ता की जांच की गई थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल होनी चाहिए। वहीं गौतम कुमार ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद लोकार्पण के कुछ ही दिनों बाद मरम्मत की जरूरत पड़ना कार्यदायी संस्था और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था की भी जांच कराने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए बनाए गए इस अंडरपास की मरम्मत के बाद दोबारा ऐसी समस्या न आए, इसके लिए जिम्मेदार विभाग क्या कदम उठाएगा। फिलहाल लोगों को अंडरपास दोबारा खुलने का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)