लूट की झूठी सूचना के बाद थाने में हंगामा:इटावा में दोनों पक्षों के 6 लोग अरेस्ट, छह वाहन भी सीज
इटावा में चौबिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 5 बजे लूट की झूठी सूचना देने और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने के बाद थाने पहुंचकर हंगामा करने वाले दोनों पक्षों के 6 लोगों को पुलिस ने अरेस्ट किया है। पुलिस ने मौके पर जरूरी दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने पर छह वाहनों को मोटर वाहन एक्ट- 207 में सीज कर दिया। विवाद के बाद थाने पहुंचे दोनों पक्ष पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को चौबिया थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच लूट की झूठी सूचना और एक-दूसरे पर आरोप लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसमें पहले पक्ष से कुलदीप पुत्र अमलेश कुमार निवासी नगला लच्छू थाना चौबिया, कुलदीप पुत्र बलराम सिंह निवासी ग्राम बरुआ थाना किशनी जनपद मैनपुरी और यशपाल सिंह पुत्र धीरज सिंह निवासी सरवाही थाना सौरिख जनपद कन्नौज शामिल थे। थाना परिसर में फिर हुआ हंगामा वहीं दूसरे पक्ष से ऋषि उर्फ आंशू पुत्र रामनरेश यादव, अजय पुत्र जनवेद निवासी ग्राम नवलपुरा चौपला और विकास पुत्र कमलेश निवासी ग्राम चौपला थाना चौबिया शामिल थे। विवाद के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने वाहनों से थाने पहुंचे। यहां वाहनों को अव्यवस्थित तरीके से खड़ा कर दोबारा विवाद और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस की समझाने पर भी नहीं माने थाने में ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराने और कानून व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया, लेकिन वे पुलिस के निर्देशों का पालन करने के बजाय फिर विवाद करने लगे। इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने और संज्ञेय अपराध की रोकथाम के लिए दोनों पक्षों के सभी छह लोगों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया। 6 वाहनों को किया गया सीज पुलिस के मुताबिक, वाहनों के आवश्यक कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर यूपी 75 एबी 3336, यूपी 75 एएक्स 9292, यूपी 75 एजेड 9200, यूपी 14 सीवाई 0606, यूपी 45 डब्ल्यू 0020 और यूपी 75 एएक्स 7441 नंबर के छह वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)