मारपीट में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत:प्रतापगढ़ में वाराणसी-लखनऊ हाईवे जाम करने की कोशिश; परिजन बोले- पुलिस ने सुनवाई नहीं की
प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में मारपीट में घायल 71 वर्षीय गंगा प्रसाद सरोज की इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर लौट रहे परिजनों ने वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर जाम लगाने की कोशिश की। परिजन मारपीट के आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। कई घंटे बाद परिजन शव लेकर घर लौट गए। 27 सितंबर को हुई थी मारपीट, कूल्हा टूट गया था गंगा प्रसाद सरोज पिता मनबोध रामनगर गांव के रहने वाले थे। परिजनों के मुताबिक, 27 सितंबर 2026 को उनके साथ मारपीट की गई थी। इसमें उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और कूल्हा टूट गया था। आरोप है कि घटना के बाद गंगा प्रसाद ने रानीगंज थाने में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। परिजन उन्हें इलाज के लिए स्वरूप रानी अस्पताल ले गए थे। हालत गंभीर होने पर लखनऊ ले जाया गया, जहां सोमवार 23 नवंबर को दोपहर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। लखनऊ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। एफआईआर दर्ज होने तक अंतिम संस्कार से इनकार पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर प्रतापगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर जाम लगाने की कोशिश की। उनका कहना था कि जब तक मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। मृतक के परिजन कमलेश कुमार उर्फ सोनू ने बताया कि घटना के समय घर में पुरुषों की संख्या कम थी। आरोप है कि इसका फायदा उठाकर गंगा प्रसाद के साथ मारपीट की गई। उनका कूल्हा टूट गया था। सर्जरी और इलाज में करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च हुए। कमलेश के मुताबिक, पुलिस ने शिकायत के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया। उन्होंने 22 नवंबर को सीओ को भी प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन वहां से भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)