मेयर बोलीं- आप IAS हैं, कहें तो पैर छू लूं:कानपुर की सड़कें बनवा दो, सीएम ग्रिड की बैठक में अधिकारियों पर भड़कीं प्रमिला पांडेय

Sep 25, 2026 - 15:37
0
मेयर बोलीं- आप IAS हैं, कहें तो पैर छू लूं:कानपुर की सड़कें बनवा दो, सीएम ग्रिड की बैठक में अधिकारियों पर भड़कीं प्रमिला पांडेय
कानपुर की मेयर प्रमिला पांडेय नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय पर भड़क गईं। बोलीं- आप IAS अफसर हैं। कहें तो आपके पैर छू लूं, बस सड़क सही करवा दीजिए। उन्होंने कहा- हमारे क्षेत्र के लोगों ने हमें 2 लाख वोटों से जिताकर भेजा है। सड़कें खराब होने से उन्हें परेशानी होगी। इसकी वजह से जनप्रतिनिधियों को गालियां खानी पड़ती हैं। अगर हम लोग गालियां खाएंगे तो आप भी खाने के लिए तैयार रहें। महापौर ने सवाल उठाया कि बजट में पैसे की कोई कमी नहीं होने के बावजूद एक साल में सड़कों का निर्माण क्यों नहीं हो सका। दरअसल, गुरुवार को सीएम ग्रिड की समीक्षा बैठक हुई। इसमें महापौर प्रमिला पांडेय, सांसद रमेश अवस्थी, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, विधायक सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार और सलिल विश्नोई के साथ यूरिडा के अधिकारी मौजूद रहे। अब पढ़िए मेयर की बड़ी बातें... मेयर बोलीं- सदन की स्वीकृति के बिना मंगल कमेटी भंग किया नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बेनाझावर के ब्रजेंद्र स्वरूप पार्क स्थित मंगल भवन की कमेटी को भंग कर दिया था। महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा- मंगल भवन की कमेटी को नगर निगम की कार्यकारिणी और सदन की स्वीकृति के बिना भंग किया गया है। मंगल भवन में अब तक करीब 100 शादियां हो चुकी हैं। इसके निर्माण और संचालन से जुड़े सभी काम नियमों के अनुसार किए गए हैं। हर काम में कानूनी सलाह भी ली गई थी। इसे गलत तरीके से भंग किया गया है। इस मामले में शासन से शिकायत की जाएगी। नगर आयुक्त ने गड्ढामुक्त सड़क के लिए बजट नहीं मांगा महापौर ने कहा- नगर निगम में कोई भी काम नगर आयुक्त के हस्ताक्षर के बिना नहीं होता। यहां तक कि चपरासी के ट्रांसफर का फैसला भी नगर आयुक्त के स्तर से होता है। मैं 15वें वित्त आयोग की कमेटी की अध्यक्ष हूं। अगर नगर आयुक्त शहर में गड्ढामुक्त सड़क के लिए अलग बजट मांगते तो उसे दिया जाता। इस संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं दी गई। अगर किसी अधिकारी के पास ऐसा कोई प्रमाण है कि मैंने किसी क्षेत्र में काम नहीं कराने के लिए कहा था, तो उसे सामने लाया जाए। महापौर ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों पर कहा- नगर आयुक्त या कोई भी अधिकारी गंगाजल उठाकर यह कह दे कि मैंने कभी किसी क्षेत्र में काम नहीं कराने के लिए कहा था, तो मैं खुद को दोषी मानूंगी। अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। आने वाले दिनों में इस मामले में लिखित कार्रवाई भी की जाएगी। 312 तालाबों के लिए कमेटी बनाने की मांग जलभराव के मुद्दे पर महापौर ने कहा- मंडलायुक्त और केडीए वीसी से विशेष कमेटी बनाने की मांग की है। शहर के 312 तालाबों को खाली और सुरक्षित कराया जाए, ताकि बारिश का पानी उनमें पहुंच सके और जलभराव की समस्या कम हो। जलभराव के लिए अकेले मेयर को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। इस बार ज्यादा बारिश होने से समस्या बढ़ी है। अधिकारियों को कार्यालयों से बाहर निकलकर सड़कों की स्थिति देखनी चाहिए और अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। जलभराव के दौरान पारिवारिक परिस्थितियों के कारण मैं कानपुर में नहीं थी। अब अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के लिए लिखित कार्रवाई की जाएगी। बागी पार्षदों के आरोपों पर पलटवार महापौर ने कहा- अगर किसी पार्षद के क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हुआ है तो उन्हें सामने आकर अपनी बात रखनी चाहिए। इन क्षेत्रों में करोड़ों रुपए के विकास कार्य हुए हैं। किसी क्षेत्र में करीब 9 करोड़, किसी में 10 करोड़ और किसी में करीब 5 करोड़ रुपए के काम हुए हैं। विकास कार्यों के लिए केवल मुझे जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। अगर मैंने किसी क्षेत्र में काम रोकने का निर्देश दिया है तो उसे साबित किया जाए। ---------- ये खबर भी पढ़ें- बैंक मैनेजर ने चलती कार में गोली मारी, मौत: जौनपुर में दिल के पास तमंचा सटाकर फायर किया, बुलेट पीठ चीरते हुए सीट में घुसी जौनपुर में यूनियन बैंक के मैनेजर ने गुरुवार देर रात सुसाइड कर लिया। उन्होंने चलती कार में दिल के पास तमंचा सटाया और गोली मार ली। बुलेट पीठ को चीरते हुए सीट में जा धंसी। गोली लगने के बाद टाटा सिएरा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। राहगीरों ने कार का शीशा तोड़कर मैनेजर को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पढ़िए पूरी खबर..

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User