मंत्री ने सपा का घोषणा पत्र खोखला बताया:सुल्तानपुर में गिरीश चंद्र यादव बोले- सपा युवाओं को नौकरी देने के बजाय बेरोजगार बनाए रखना चाहती है
सुल्तानपुर के प्रभारी मंत्री और खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव शनिवार को जिले पहुंचे। सुबह करीब 11:30 बजे भाजपा जिला कार्यालय में संगठन की बैठक से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। गिरीश चंद्र यादव ने सपा के घोषणा पत्र को खोखला और भ्रम फैलाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि 2012 से 2017 तक सपा सरकार ने घोषणा पत्र के वादे पूरे नहीं किए। ये घोषणाएं जनता के हित में नहीं, बल्कि दिखावे के लिए थीं। 10 साल में 10.5 लाख सरकारी नौकरियां देने का दावा मंत्री ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार देना सरकार के एजेंडे में सबसे ऊपर है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बीते 10 साल में 10.5 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, कौशल विकास योजना और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री युवा उद्यम योजनाओं के जरिए 2 करोड़ से ज्यादा लोगों को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ा गया है। भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि नियुक्तियों में लेनदेन का आरोप कोई नहीं लगा सकता। अखिलेश से पूछा- घोषणा पत्र में बेरोजगारी भत्ते का वादा क्यों? अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए गिरीश चंद्र यादव ने सवाल किया कि अगर सपा युवाओं को नौकरी देना चाहती है तो उसके घोषणा पत्र में बेरोजगारी भत्ते की बात क्यों है? उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकारी नौकरी देने का ठोस वादा करने के बजाय युवाओं को बेरोजगार बनाए रखना चाहती है। लोक सेवा आयोग और विशेष सत्र पर भी बोले मंत्री मंत्री ने पिछली सपा सरकार के समय लोक सेवा आयोग को लेकर हाईकोर्ट की टिप्पणियों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा को सपा से किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। संसद के विशेष सत्र को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा जल्द ही सभी के सामने आ जाएगी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी और मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)