मंत्री राजभर बोले- अखिलेश मथुरा-काशी जाने की तारीख भी बताएं:अम्बेडकरनगर में कहा- वो अली के रहे न बजरंगबली के

Nov 10, 2026 - 11:15
0
मंत्री राजभर बोले- अखिलेश मथुरा-काशी जाने की तारीख भी बताएं:अम्बेडकरनगर में कहा- वो अली के रहे न बजरंगबली के
अम्बेडकरनगर में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। प्राइमरी स्कूलों के विलय, राम मंदिर दर्शन, सनातन धर्म और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने सपा नेतृत्व को निशाने पर लिया। राजभर ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए पूर्ण बहुमत के साथ एक बार फिर सरकार बनाएगा। मंगलवार को सर्किट हाउस में प्राइमरी स्कूलों के विलय और बंद होने को लेकर अखिलेश यादव के सवालों पर राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव 5 साल तक मुख्यमंत्री रहे, लेकिन गरीबों के बच्चों की शिक्षा के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया। सपा सरकार में बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ते थे, जबकि योगी सरकार में स्कूलों में बेंच-डेस्क की व्यवस्था की गई है। अभिभावकों के खातों में सीधे धनराशि भेजी जा रही है। उन्होंने अटल आवासीय विद्यालयों का हवाला देते हुए कहा कि गरीब और मजदूर परिवारों के बच्चे यहां रहकर डॉक्टर और इंजीनियर बनने की तैयारी कर रहे हैं। राम मंदिर दर्शन को लेकर सपा नेताओं के अलग-अलग बयानों पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि अखिलेश अयोध्या जा रहे हैं तो उन्हें मथुरा और काशी विश्वनाथ जाने की तारीखों का भी ऐलान करना चाहिए। सनातन धर्म के मुद्दे पर राजभर ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी स्थिति 'न अली के रहे और न बजरंगबली के' जैसी हो गई है। सपा नेता सनातन पांडेय के कारसेवकों पर गोली चलवाने संबंधी बयान और शिवपाल यादव की अनुशासन संबंधी चेतावनी पर भी उन्होंने पलटवार किया। सवाल उठाया कि सपा में असली नेतृत्व अखिलेश यादव का है या शिवपाल यादव का। 2027 के चुनाव को लेकर राजभर ने कहा कि एनडीए के नेता और कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच सक्रिय हैं, जबकि विपक्ष केवल ट्वीट और प्रेस कॉन्फ्रेंस तक सीमित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में एनडीए एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User