'मुझे बुर्का पहनने से रोकोगे तो तीन बुर्के पहन लूंगी':शबाना आजमी बोलीं- कुरान में आंखों की शर्म की बात; यह नियम पुरुषों पर भी लागू

Nov 23, 2026 - 18:32
0
'मुझे बुर्का पहनने से रोकोगे तो तीन बुर्के पहन लूंगी':शबाना आजमी बोलीं- कुरान में आंखों की शर्म की बात; यह नियम पुरुषों पर भी लागू
दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी ने हाल ही में उषा काकड़े के पॉडकास्ट में बुर्का, हिजाब, धर्म और कलाकारों के राजनीति में आने जैसे मुद्दों पर बात की है। शबाना ने कहा कि वे खुद धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन नहीं करतीं, लेकिन सांस्कृतिक रूप से खुद को मुस्लिम मानती हैं। बुर्का विवाद पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इसे नहीं पहनतीं, लेकिन अगर कोई उन्हें इसे पहनने से रोकेगा, तो वे विरोध में तीन बुर्के एक साथ पहन लेंगी। इसके साथ ही उन्होंने धर्म के नाम पर भ्रम फैलाने वाले बिचौलियों और सेक्युलरिज्म की आड़ में कट्टरपंथ बढ़ाने वालों की भी आलोचना की। कुरान में बुर्का नहीं, आंखों की शर्म और मर्यादा का जिक्र बातचीत के दौरान शबाना आजमी ने कहा कि कुरान में कहीं भी महिलाओं को इस तरह बुर्का पहनने की बात नहीं लिखी है। उनके मुताबिक, कुरान में सिर्फ इतना कहा गया है कि आपकी आंखों में शर्म और मर्यादा होनी चाहिए, और यह नियम केवल महिलाओं ही नहीं बल्कि पुरुषों पर भी लागू होता है। शबाना ने धर्म की गलत व्याख्या करने वाले बिचौलियों (मिडिलमैन) पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग धार्मिक शिक्षाओं को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं और समाज में पर्दे को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। व्यक्तिगत पसंद का किया समर्थन, कर्नाटक हिजाब विवाद पर भी बोल चुकी हैं अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए शबाना ने कहा, "मैं बुर्का नहीं पहनती हूं, लेकिन मेरा मानना है कि अगर कोई मुझे कहेगा कि मैं इसे नहीं पहन सकती, तो मैं तीन बुर्के पहन लूंगी। तुम कौन होते हो मुझे यह बताने वाले?" हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि सेक्युलरिज्म के पर्दे में कट्टरपंथ फैलाने की इजाजत नहीं दी जा सकती। शबाना इससे पहले साल 2022 के कर्नाटक हिजाब विवाद के दौरान भी अपनी राय रख चुकी हैं, जब उडुपी के एक कॉलेज में हिजाब पहनने के कारण छह छात्राओं को प्रवेश देने से कथित तौर पर रोक दिया गया था। सिर्फ सम्मान का तमगा लेने राजनीति में न आएं एक्टर्स इसी पॉडकास्ट में शबाना आजमी ने फिल्म कलाकारों के राजनीति में कदम रखने पर भी अपनी राय दी। उन्होंने इसे कलाकारों की व्यक्तिगत पसंद बताया, लेकिन सलाह दी कि वे समाज के लिए बिना कुछ किए सिर्फ 'बैज ऑफ ऑनर' यानी सम्मान का तमगा हासिल करने के लिए राजनीति में न आएं। शबाना के अनुसार, जब जनता किसी कलाकार को इतना प्यार और भरोसा देती है, तो राजनीति में आने पर उसे पूरी ईमानदारी से लोगों की भलाई के लिए काम करना चाहिए। बता दें कि शबाना मशहूर शायर कैफी आजमी और अभिनेत्री शौकत आजमी की बेटी हैं, जबकि उनके पति गीतकार जावेद अख्तर खुद को नास्तिक मानते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User