भतीजे की हत्या के दोषी चाचा को उम्रकैद:हमीरपुर में कोर्ट ने 55 हजार रुपए का जुर्माना लगाया
हमीरपुर में भतीजे की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या करने के करीब आठ साल पुराने मामले में अदालत ने चाचा को उम्रकैद की सजा सुनाई है। हत्या के मामले में 50 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। वहीं, आर्म्स एक्ट के तहत तीन साल का कठोर कारावास और पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा भी सुनाई गई है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम अफशां की अदालत ने सोमवार, 23 नवंबर 2026 को दोनों मामलों में फैसला सुनाया। खेत में मिला था 14 वर्षीय किशोर का शव सरकारी वकील के अनुसार, 4 जुलाई 2018 की सुबह करीब 6:30 बजे मझगवां थाना क्षेत्र के गढ़हर गांव निवासी रामजीवन को सूचना मिली कि उनके 14 वर्षीय भतीजे लक्ष्मीप्रसाद की हत्या कर दी गई है। आरोप था कि रामजीवन के छोटे भाई वृक्षभान ने प्रेमचंद्र पाल के खेत में धारदार हथियार से लक्ष्मीप्रसाद का गला काट दिया। रामजीवन मौके पर पहुंचे तो लक्ष्मीप्रसाद का शव खेत में पड़ा था। घटना के समय उसकी मां और शिवनारायण भी मौजूद थे। आरोप है कि हत्या के बाद वृक्षभान अपनी पत्नी और बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से फरार हो गया था। आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ था हथियार रामजीवन की शिकायत पर 4 जुलाई 2018 को आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान उसे गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद किया। इसके बाद आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों मामले एक ही घटना और साक्ष्यों से जुड़े होने के कारण अदालत में साथ चले। जुर्माना न देने पर भुगतनी होगी अतिरिक्त कैद अदालत ने वृक्षभान को हत्या के मामले में धारा 302 के तहत उम्रकैद और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना न देने पर उसे तीन महीने की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। वहीं, आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत तीन साल का कठोर कारावास और पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना अदा न करने पर दो महीने की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)