आर्य ने कहा- सपा को दलित-समाज का बेटा स्वीकार नहीं:BJP राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बोले- हनुमान और अंगद की तरह दलित भाजपा के साथ

Nov 23, 2026 - 18:59
0
आर्य ने कहा- सपा को दलित-समाज का बेटा स्वीकार नहीं:BJP राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बोले- हनुमान और अंगद की तरह दलित भाजपा के साथ
कानपुर में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे बेमेल गठबंधन बताते हुए कहा कि इन दलों की राजनीति का एकमात्र उद्देश्य सत्ता हासिल करना है। इन्हें दलित, आदिवासी, महिला और युवाओं के हितों से कोई सरोकार नहीं है। आर्य ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में दलित समाज हनुमान और अंगद की तरह भाजपा के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का विरोध किया। संत रविदास के नाम पर रखे गए भदोही जिले का नाम बदलने और कांशीराम के नाम पर बनाए गए जिलों के नाम परिवर्तित करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा की राजनीति में दलित समाज के सम्मान की कोई जगह नहीं है। 'मायावती के साथ हुआ गेस्टहाउस कांड कौन भूल सकता है' लाल सिंह आर्य ने बसपा प्रमुख मायावती के साथ हुए गेस्टहाउस कांड का जिक्र करते हुए सपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने संसद में आरक्षण से जुड़े विधेयक को फाड़ने का काम किया था। आर्य ने कहा कि ऐसे दलों से सामाजिक न्याय और दलितों के हितों की उम्मीद नहीं की जा सकती। बोले- भाजपा सभी वर्गों के समर्थन से सत्ता में है भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी को पिछड़े वर्ग के साथ ब्राह्मण और क्षत्रिय समाज का भी समर्थन मिल रहा है। भाजपा किसी एक जाति या धर्म की राजनीति नहीं करती। देश के 22 राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकारें होना इसका प्रमाण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' इसी सोच को दर्शाता है। आर्य ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी ने वास्तव में इतने बेहतर काम किए होते तो जनता उसे सत्ता से बाहर नहीं करती। उन्होंने कहा कि विकास का मतलब केवल स्कूल बनाना नहीं है। जनता को शिक्षा के साथ शांति, सुरक्षा, सुकून और जनकल्याण भी चाहिए। केंद्र सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि स्पेस सेक्टर, रेलवे और एयरपोर्ट के विकास के साथ महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास और डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान के लिए भी काम किया जा रहा है। बिरसा मुंडा की जयंती और अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती मनाना भी इसी सोच का हिस्सा है। 'भाजपा में गुटबाजी नहीं, कार्यकर्ता विचारधारा से बंधा' पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर लाल सिंह आर्य ने कहा कि भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है। टिकट मांगने के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच प्रतिस्पर्धा जरूर होती है, लेकिन टिकट घोषित होने के बाद सभी पार्टी प्रत्याशी को जिताने में जुट जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि विचारधारा से जुड़ा है। यूपी में दो-तिहाई बहुमत का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आर्य ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने ओडिशा, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में पार्टी की चुनावी सफलता का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा जो लक्ष्य तय करती है, उसे हासिल भी करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और अंत्योदय के जरिए गरीबों के कल्याण जैसे वादे पूरे किए हैं। आर्य ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की दो-तिहाई से अधिक बहुमत वाली सरकार बनेगी। वहीं, रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर आजम खान के बयान पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User