मुजफ्फरनगर में ‘किसान दिवस’ पर अधिकारी पहुंचे:जिला पंचायत सभागार में किसानों के लिए खाली रहीं कुर्सियां, एक घंटे में सिर्फ एक शिकायत
मुजफ्फरनगर में किसानों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए बुधवार को आयोजित किसान दिवस पर अधिकारी पहुंचे, लेकिन किसान के लिए लगाई गई कुर्सियां खाली रहीं। दरअसल, बुधवार दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में किसान दिवस पर एक कार्यक्रम रखा गया था। किसान दिवस शुरू होने के करीब एक घंटे बाद तक महज एक किसान अपनी शिकायत लेकर पहुंचा। दोपहर 2 बजे आयोजन समाप्त होने तक भी किसानों की मौजूदगी बेहद कम रही। अधिकारियों की मौजूदगी, किसान नदारद हर महीने आयोजित होने वाले किसान दिवस में किसानों की इतनी कम भागीदारी ने आयोजन की उपयोगिता पर सवाल खड़े कर दिए। किसान दिवस का उद्देश्य किसानों की समस्याएं सुनना, संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से उनका समाधान कराना और शिकायतों पर कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इसके बावजूद बुधवार को सभागार में अधिकारी किसानों का इंतजार करते नजर आए। क्या किसान दिवस से उठने लगा भरोसा किसानों की गैरमौजूदगी के बाद सवाल उठने लगे कि क्या किसानों की समस्याएं वास्तव में समाप्त हो गई हैं या फिर किसान दिवस से उनका भरोसा कम होता जा रहा है? जब शिकायतें सुनने के लिए अधिकारी एक ही जगह मौजूद थे, तब किसानों का नहीं पहुंचना चर्चा का विषय बना रहा। SDM बोले- समस्याओं का हो रहा समाधान इस संबंध में एडीएम प्रशासन देश दीपक सिंह ने कहा कि अधिकारी लगातार किसानों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। किसानों की ओर से मिलने वाली शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाती है। उन्होंने संभावना जताई कि शायद इसी वजह से किसानों को अब अपनी समस्याएं लेकर किसान दिवस में आने की जरूरत महसूस नहीं हो रही है। एडीएम ने बताया कि किसान दिवस की तारीख और समय पहले से निर्धारित हैं। हर महीने तय तारीख और समय पर इसका आयोजन किया जाता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)