NEET पेपर लीक केस में 14 आरोपियों पर आरोप तय:इनमें तीन NTA एक्सपर्ट; दिल्ली कोर्ट में खुद को निर्दोष बताया; 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई

Nov 21, 2026 - 16:32
0
NEET पेपर लीक केस में 14 आरोपियों पर आरोप तय:इनमें तीन NTA एक्सपर्ट; दिल्ली कोर्ट में खुद को निर्दोष बताया; 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई
दिल्ली की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने शनिवार को NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए। इनमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता के सामने पेश किया गया। उन्होंने खुद को निर्दोष बताया और मुकदमे का सामना करने की बात कही। कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ साजिश, धोखाधड़ी, विश्वासघात और भ्रष्टाचार समेत कई मामलों में आरोप तय किए हैं। 25 नवंबर से मामले की रोजाना सुनवाई होगी। NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को हुई थी। इसमें करीब 22 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी। 18 नवंबर को कोर्ट ने आरोप तय करने का दिया था आदेश दिल्ली के कोर्ट ने 18 नवंबर को 206 पन्नों के आदेश में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने कहा था कि पहली नजर में आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार समेत कई अपराधों के पर्याप्त सबूत हैं। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि आरोपियों ने NTA की गोपनीय परीक्षा सामग्री अवैध तरीके से हासिल की, उसे एक-दूसरे तक पहुंचाया और उसका इस्तेमाल किया। कोर्ट के मुताबिक, यह पूरी प्रक्रिया संगठित तरीके से हुई और सभी आरोपी साजिश की एक कड़ी का हिस्सा थे। तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट पर गोपनीय सवाल लीक करने का आरोप कोर्ट के मुताबिक, मुख्य आरोपी मनीषा गुरुनाथ मंधारे, पीवी कुलकर्णी और मनीषा संजय हवालदार NTA के लिए काम कर रहे थे। इस वजह से उन्हें लोक सेवक माना गया है। आरोप है कि तीनों ने दूसरे आरोपियों के साथ मिलकर परीक्षा के गोपनीय सवाल गलत तरीके से हासिल किए थे। कोर्ट ने बताया कि मंधारे बायोलॉजी एक्सपर्ट, पीवी कुलकर्णी केमिस्ट्री एक्सपर्ट और मनीषा संजय हवालदार फिजिक्स एक्सपर्ट के तौर पर प्रश्नपत्रों से जुड़े थे। वे NTA और NEET के सभी उम्मीदवारों के प्रति भरोसे की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उन पर अनुबंध और कानून के तहत परीक्षा से जुड़ी सामग्री की पूरी गोपनीयता बनाए रखने की जिम्मेदारी थी। पेपर लीक से योग्य उम्मीदवारों को नुकसान होने की जानकारी थी कोर्ट ने कहा कि तीनों एक्सपर्ट को पता था कि अगर वे गोपनीय जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा करते हैं तो इससे उम्मीदवारों को नुकसान हो सकता है। लीक सामग्री का इस्तेमाल करके कोई बेईमान उम्मीदवार चयनित हो सकता है और उसकी जगह किसी योग्य उम्मीदवार का चयन रुक सकता है। अदालत के मुताबिक, आरोपियों को यह भी पता था कि पेपर लीक होने से उम्मीदवारों की कोचिंग, यात्रा और रहने पर खर्च की गई रकम बेकार जा सकती है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान होगा। कोर्ट ने यह भी कहा कि एक ही अवैध गतिविधि के आधार पर आरोपी के खिलाफ कई अलग-अलग अपराधों के लिए मुकदमा चलाया जा सकता है, अगर वे गतिविधियां कानून के तहत अलग-अलग अपराध बनती हैं। तीन एक्सपर्ट से शुरू होकर दूसरे आरोपियों तक पहुंचा पेपर कोर्ट के मुताबिक, मंधारे, कुलकर्णी और हवालदार के जरिए धनंजय लोखंडे, शुभम खैरनार, यश यादव, मंगलिलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल और शेषराव बजरंग सूर्यवंशी ने एक-दूसरे से सामग्री हासिल की और उसका इस्तेमाल किया। कोर्ट ने कहा कि सभी आरोपियों को इस बात की जानकारी थी कि उनके पास पहुंची सामग्री NTA से जुड़े किसी व्यक्ति के जरिए अवैध रूप से हासिल की गई होगी। उन्हें यह भी पता था कि NEET-UG 2026 परीक्षा के गोपनीय सवाल परीक्षा से काफी पहले उन्हें उपलब्ध करा दिए जाएंगे। अदालत के मुताबिक, गोपनीय सामग्री एक आरोपी से दूसरे तक क्रमवार पहुंचाई गई। पहले आरोपी को सामग्री मिलते ही वह उसे अगली कड़ी में शामिल व्यक्ति तक पहुंचा देता था। यह सिलसिला मंधारे, कुलकर्णी और हवालदार से शुरू होकर मंगलिलाल बिवाल, दिनेश बिवाल और विकास बिवाल तक पहुंचा। गोपनीय सवाल NTA की कॉपीराइट सामग्री थे कोर्ट ने कहा कि आरोपियों ने जिन गोपनीय सवालों को हासिल किया, बांटा और पैसे कमाने के लिए इस्तेमाल किया, वे NTA की कॉपीराइट सामग्री थे। इसलिए उनकी ये अवैध गतिविधियां कॉपीराइट उल्लंघन के दायरे में आती हैं। अदालत ने आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के एक प्रावधान के तहत भी आरोप तय करने का निर्देश दिया था। CBI ने 14 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की थी चार्जशीट केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पहले इस मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। यह चार्जशीट सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक और दूसरे अनुचित तरीकों से जुड़े आपराधिक मामलों की सुनवाई करने वाली फास्ट ट्रैक कोर्ट में पेश की गई थी। इसके बाद CBI ने 14वें आरोपी शेषराव सूर्यवंशी उर्फ राज सूर्यवंशी के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की। वह महाराष्ट्र के नांदेड़ का रहने वाला है। उसे 2 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User