निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर ढाई लाख ठगे:अलीगढ़ में फाइनेंशियल एडवाइजर कंपनी के नाम पर ठगी का आरोप, दो नामजदों पर FIR

Nov 20, 2026 - 19:24
0
निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर ढाई लाख ठगे:अलीगढ़ में फाइनेंशियल एडवाइजर कंपनी के नाम पर ठगी का आरोप, दो नामजदों पर FIR
निवेश पर हर महीने मोटा मुनाफा देने और जरूरत पड़ने पर मूल रकम लौटाने का भरोसा देकर एक महिला से ढाई लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने महिला के नाम से फर्जी एग्रीमेंट तैयार कर लिया और उस पर उनके जाली हस्ताक्षर भी कर दिए। विरोध करने और पैसे मांगने पहुंचने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज की है। मुनाफे का भरोसा देकर लिए ढाई लाख क्वार्सी क्षेत्र के जीवनगढ़ निवासी नसरीन असलम के मुताबिक, जनवरी 2025 में उनकी मुलाकात दीपक कुमार और जुनैद अहमद से हुई थी। दोनों ने खुद को साईना फाइनेंशियल एडवाइजर कंपनी से जुड़ा बताया। कंपनी का ऑफिस लैंडमार्क मॉल, मैरिस रोड पर होने की बात कही। आरोपियों ने निवेश की रकम पर हर महीने अच्छा मुनाफा देने और एक महीने पहले सूचना देने पर मूल रकम वापस करने का भरोसा दिया। गवाहों के सामने दिए थे रुपये महिला के मुताबिक, भरोसा करके 22 जनवरी 2025 को वह असद खान और अजमत उल्ला की मौजूदगी में कंपनी के ऑफिस पहुंचीं। यहां उन्होंने निवेश के लिए ढाई लाख रुपये नकद आरोपियों को दे दिए। करीब एक साल आठ महीने गुजरने के बाद भी उन्हें मुनाफे के नाम पर कोई रकम नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अपनी मूल रकम वापस मांगी। फर्जी एग्रीमेंट बनाकर कर दिए हस्ताक्षर आरोप है कि रकम लौटाने के बजाय आरोपियों ने ढाई लाख रुपये लेने के संबंध में एक अनुबंध पत्र तैयार कर लिया। इस पर नसरीन के फर्जी हस्ताक्षर भी कर दिए। महिला का कहना है कि उन्होंने ऐसा कोई अनुबंध नहीं किया था। इस तरह कथित फर्जी दस्तावेज के जरिए रकम के लेनदेन को दूसरा रूप देने की कोशिश की गई। घर पहुंची तो गाली दी, जान से मारने की धमकी पीड़िता के मुताबिक, 23 अगस्त 2026 को सुबह करीब 9 बजे वह दीपक कुमार के घर अपने रुपये मांगने पहुंचीं। आरोप है कि दीपक ने रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया। गाली-गलौज करते हुए कई सौ करोड़ रुपये ठगने की बात कही और दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। सिविल लाइंस थाने में दीपक कुमार निवासी नगला भमौला और जुनैद अहमद निवासी गुलिस्तान कॉलोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User