नोएडा के डियर पार्क में सबसे खास होगा माउस हिरण:12 बाड़े तैयार, अब वन्यजीवों का इंतजार, कानपुर और लखनऊ के चिड़ियाघर से किया संपर्क
सेक्टर-91 स्थित डियर पार्क में अब हिरणों की चहलकदमी देखने का इंतजार है। करीब 30 एकड़ में विकसित किए जा रहे इस पार्क के सभी 12 बाड़ों का निर्माण पूरा हो चुका है। अब यहां वन्यजीवों को लाने की प्रक्रिया का इंतजार है। पार्क में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र माउस हिरण होगा। इसे खास तौर पर यहां लाने की योजना है। इसके अलावा देसी प्रजातियों के हिरणों के साथ अफ्रीका की एंटीलोप प्रजातियां भी देखने को मिलेंगी। कानपुर, लखनऊ के अलावा अन्य चिड़िया घरों से नोएडा प्राधिकरण ने संपर्क किया है। नोएडा प्राधिकरण की ओर से करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से इस डियर पार्क को तैयार किया जा रहा है। मिनी जू की तर्ज पर विकसित हो रहे पार्क में कुल 99 वन्यजीव रखे जाएंगे। इनमें 33 नर और 66 मादा वन्यजीव शामिल होंगे। इनके लिए तैयार एनिमल कलेक्शन प्लान में 10 प्रजातियों को जगह दी गई है। अब तक पार्क में सिविल निर्माण और सभी 12 बाड़ों का काम पूरा हो चुका है। अगले चरण में अलग-अलग चिड़ियाघरों से वन्यजीवों को लाने की प्रक्रिया शुरू होगी। माउस हिरण होगा आकर्षण का केंद्र
पार्क में माउस हिरण को विशेष रूप से लाने की योजना है। आकार में छोटा होने के कारण यह लोगों के लिए खास आकर्षण रहेगा। इसके अलावा ब्रॉउ एंटलर्ड डियर, हॉग डियर, स्वैम्प डियर, स्पॉटेड डियर, सांभर और बार्किंग डियर भी रखे जाएंगे। इनमें से ज्यादातर हिरण लखनऊ, कानपुर और हैदराबाद के चिड़ियाघरों से लाए जाने हैं। ब्लैकबक, चिंकारा और चौसिंघा की कुल 15 संख्या प्रस्तावित है। अफ्रीका की एंटीलोप भी दिखेंगी
डियर पार्क में विदेशी वन्यजीवों को भी जगह मिलेगी। इसके लिए स्प्रिंगबॉक, इम्पाला, वाइल्डबीस्ट और लेसर कुडू जैसी अफ्रीकी एंटीलोप प्रजातियां विदेश से मंगाई जाएंगी। इसके अलावा पेंटेड स्टॉर्क, ओपन-बिल्ड स्टॉर्क, कॉर्मोरेंट और पेलिकन जैसे जलीय पक्षियों के लिए एवियरी बनाई जाएगी। वन्यजीवों को लाने की प्रक्रिया सेंट्रल जू अथॉरिटी के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएगी। 50 रुपये तक हो सकता है प्रवेश शुल्क
डियर पार्क तैयार होने के बाद यहां घूमने के लिए लोगों को प्रवेश शुल्क भी देना होगा। शुरुआती जानकारी के अनुसार अधिकतम प्रवेश शुल्क करीब 50 रुपये रखा जा सकता है। हालांकि, अभी प्राधिकरण की ओर से इस संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। शुल्क और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के बाद ही इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। रात 10 बजे तक देख सकेंगे वन्यजीव
पार्क को सनसेट सफारी की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। इसके तहत लोग सूर्यास्त के बाद भी रात करीब 10 बजे तक हिरण और जलीय पक्षियों को देख सकेंगे। इसके लिए विशेष स्पेक्ट्रम लाइटिंग लगाई जाएगी। इसकी खासियत यह होगी कि रोशनी ऐसी रखी जाएगी जिससे वन्यजीवों को रात के अंधेरे का ही एहसास हो और सफारी में आने वाले लोगों को वे साफ दिखाई दें। इससे दिन के साथ शाम के समय भी लोग पार्क में वन्यजीवों को करीब से देख सकेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)