सहारनपुर कोर्ट के आदेश पर भतीजे पर धोखाधड़ी की FIR:बुजुर्ग बोला–पिता का फर्जी शपथपत्र बनाकर 450 वर्ग मीटर नजूल भूमि अपने नाम किरायेदारी में दर्ज कराई
सहारनपुर में सदर बाजार थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर कोर्ट के आदेश पर एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और फर्जी दस्तावेजों को असली बताकर इस्तेमाल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता 75 वर्षीय रमेश डावर का आरोप है कि उनके परिवार के ही अनीश डावर ने उनके पिता मुंशीराम का फर्जी शपथपत्र तैयार कर जिला पंचायत कार्यालय में प्रस्तुत किया। इसके आधार पर नागल कस्बे में स्थित 450 वर्ग मीटर नजूल भूमि को अपनी किरायेदारी में दर्ज करा लिया। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस जमीन पर उनके पिता वर्ष 1951 से काबिज थे और नियमित रूप से किराया जमा करते आ रहे थे। पिता की मृत्यु के बाद सामने आया जमीन का विवाद शिकायतकर्ता रमेश डावर निवासी बी-32, मॉडल टाउन मिशन कंपाउंड, सदर बाजार ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी उम्र करीब 75 वर्ष है और वह बीमार रहते हैं। उनका नागल कस्बे के मुख्य बाजार में मुंशीराम मदनलाल नाम से फर्म है। इस फर्म के प्रोपराइटर उनके पिता मुंशीराम थे। रमेश डावर और अनीश डावर फर्म में अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता थे। रमेश के मुताबिक, वर्ष 1951 में उनके पिता मुंशीराम को जिला पंचायत कार्यालय सहारनपुर की ओर से नागल कस्बे में नजूल भूमि का प्लॉट नंबर-1 आवंटित किया गया था। इसका क्षेत्रफल करीब 450 वर्ग मीटर था। यह जमीन किराये पर दी गई थी। आवंटन के बाद से ही उनके पिता इस संपत्ति पर काबिज थे और नियमित रूप से जिला पंचायत कार्यालय में किराया जमा करते आ रहे थे। पिता के नाम का फर्जी शपथपत्र बनाने का आरोप शिकायत में बताया कि 8 दिसंबर 2024 को उनके पिता मुंशीराम की अचानक मृत्यु हो गई। इसके बाद रमेश डावर का आरोप है कि अनीश डावर उनकी और उनके पिता की संपत्तियों को अपने कब्जे में लेने की कोशिश करने लगा। उन्हें जानकारी मिली कि अनीश ने जिला पंचायत कार्यालय में संबंधित दुकानों और जमीन के किरायेदार के रूप में अपना नाम दर्ज करा लिया है। रमेश के मुताबिक, उन्होंने जिला पंचायत कार्यालय जाकर इसकी जानकारी मांगी, लेकिन कर्मचारियों ने कोई सूचना नहीं दी। इसके बाद उन्होंने 3 जुलाई 2026 को आरटीआई के तहत आवेदन कर पूछा कि 450 वर्ग मीटर के नजूल प्लॉट पर अनीश डावर का नाम किस आधार पर किरायेदार के रूप में दर्ज किया गया है। आरोप है कि जिला पंचायत कार्यालय ने 22 जुलाई 2026 को पत्रांक संख्या 1370/2025-26 के माध्यम से उन्हें अनुबंध की शर्तों से संबंधित दस्तावेज, उनके पिता मुंशीराम का शपथपत्र और अनीश डावर का शपथपत्र उपलब्ध कराया। इन दस्तावेजों को देखने के बाद उन्हें कथित फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। रिश्तेदारी को लेकर भी उठाए सवाल रमेश डावर का आरोप है कि अनीश डावर ने अपने शपथपत्र में मुंशीराम को अपना सगा दादा बताया है, जबकि वह उनका सगा भतीजा नहीं है। शिकायत के अनुसार, रमेश के पिता मुंशीराम के भाई शिवचरण थे। शिवचरण के बेटे मदनलाल थे और मदनलाल का बेटा अनीश डावर है। इस तरह अनीश ने गलत रिश्तेदारी दर्शाकर उनके पिता की संपत्ति पर अपना दावा मजबूत करने की कोशिश की। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनके पिता ने अनीश के पक्ष में कभी कोई शपथपत्र या प्रार्थना पत्र नहीं दिया। पिता गंभीर रूप से बीमार रहते थे और उनके साथ ही रहते थे। रमेश ने शपथपत्र पर पिता के हस्ताक्षर होने से भी इनकार किया है। उनका आरोप है कि अनीश ने साजिश के तहत कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जिला पंचायत कार्यालय में प्रस्तुत किए और उन्हीं के आधार पर जमीन को अपनी किरायेदारी में दर्ज करा लिया। फर्म से अलग नई फर्म बनाने का भी आरोप प्रार्थना पत्र में रमेश डावर ने फर्म से जुड़े पुराने विवाद का भी जिक्र किया है। उनका आरोप है कि अनीश पहले मुंशीराम मदनलाल फर्म में काम करता था और वहां से चोरी करने के बाद उसने अपनी अलग फर्म मुंशीराम मदनलाल एंड संस बना ली थी। उनके पिता मुंशीराम अनीश से काफी नाराज रहते थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके पिता ने दो बार बैंक में प्रार्थना पत्र देकर फर्म से अनीश को अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता के पद से हटाने की मांग भी की थी। ऐसे में उनके पिता की ओर से अनीश के पक्ष में शपथपत्र दिए जाने का सवाल ही नहीं उठता। पोस्ट ऑफिस का किराया भी रमेश के खाते में आया रमेश डावर ने कोर्ट को बताया कि विवादित संपत्ति पर पोस्ट ऑफिस भी बना हुआ है। पोस्ट ऑफिस का किराया लगातार उनके बैंक खाते में आता रहा है। उनका दावा है कि संपत्ति पर उनका अधिकार है और अनीश का उससे कोई संबंध नहीं है। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किरायेदारी में नाम दर्ज कराए जाने से उन्हें करोड़ों रुपये का नुकसान होने की आशंका है। थाने और एसएसपी से शिकायत के बाद कोर्ट पहुंचे रमेश के मुताबिक, उन्होंने इस मामले में सदर बाजार थाने जाकर शिकायत की, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद उन्होंने एसएसपी को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। वहां से भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में बीएनएसएस की धारा 173(4) के तहत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। अब कोर्ट के आदेश पर सदर बाजार थाने में अनीश डावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)