नोएडा के पीजी में ठहरे थे विदेशी नागरिक:पुलिस को नहीं लगने दी भनक, संचालक और मैनेजर पर FIR, 40 कैब से जाते थे कॉलसेंटर

Nov 27, 2026 - 06:49
0
नोएडा के पीजी में ठहरे थे विदेशी नागरिक:पुलिस को नहीं लगने दी भनक, संचालक और मैनेजर पर FIR, 40 कैब से जाते थे कॉलसेंटर
नौकरी का झांसा देकर भारत लाए गए 164 विदेशी नागरिकों को नोएडा के एक पीजी में ठहराया गया था। यहां उनके रहने और प्रशिक्षण की व्यवस्था थी। इसके बाद सभी को कैब से सेक्टर-136 स्थित साइबर ठगी के कॉल सेंटर में भेजा जाता था। इसके लिए 40 कैब की व्यवस्था थी। विदेशी नागरिकों के ठहरने की जानकारी पुलिस को नहीं देने पर सेक्टर-126 थाना पुलिस ने पीजी संचालक और प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि विदेशी नागरिकों के ठहरने के बावजूद अनिवार्य सी-फॉर्म नहीं भरा गया। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को नोएडा के सेक्टर-136 स्थित कॉल सेंटर पर छापा मारकर 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया था। इनमें इंडोनेशिया और मलेशिया के नागरिक शामिल बताए गए हैं। आरोप है कि इन्हें नौकरी का झांसा देकर भारत लाया गया और बंधक बनाकर साइबर ठगी कराई जा रही थी। मामले में मलेशियाई नागरिक विलियम को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो भारतीय आरोपियों की तलाश की जा रही है। पीजी में रुकवाकर दी जाती थी साइबर ठगी की ट्रेनिंग पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सभी विदेशी नागरिकों को सेक्टर-128 के गांव शाहपुर गोवर्धनपुर स्थित स्काई होम पीजी में ठहराया गया था। यहां उन्हें साइबर ठगी करने के तरीके सिखाए जाते थे। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद रोजाना कैब से सेक्टर-136 स्थित कार्यालय भेजा जाता था। आरोप है कि यहां पहुंचने के बाद उनसे ऑनलाइन ठगी कराई जाती थी। कार्यालय में आने-जाने के दौरान भी इन विदेशी नागरिकों पर नजर रखी जाती थी। पांच मंजिला पीजी में ठहरे थे विदेशी नागरिक पुलिस के मुताबिक, स्काई होम पीजी पांच मंजिला इमारत में संचालित है। इसके मालिक ब्रह्मसिंह चौहान हैं। उन्होंने पीजी संचालन की जिम्मेदारी सुशील भाटी को दे रखी थी। जांच में पीजी प्रबंधक सुनील कुमार और संचालक सुशील भाटी की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि दोनों ने विदेशी नागरिकों को पीजी में ठहराया, लेकिन इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी। इस मामले में सेक्टर-126 थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कुछ घंटे ठहरने पर भी भरना होता है सी-फॉर्म नियम के मुताबिक, भारत में किसी होटल, गेस्ट हाउस, पीजी या धर्मशाला में विदेशी नागरिक के ठहरने पर संचालक को सी-फॉर्म भरना अनिवार्य है। विदेशी मेहमान कुछ घंटे के लिए ही क्यों न ठहरे, इसकी जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुलिस को देनी होती है। इसके जरिए विदेशी नागरिक के भारत में ठहरने की जानकारी और पहचान का रिकॉर्ड रखा जाता है। आरोप है कि स्काई होम पीजी में इतने विदेशी नागरिकों के ठहरने के बावजूद इस नियम का पालन नहीं किया गया। दो महीने से चल रहा था ठगी का खेल जांच में यह भी सामने आया है कि सेक्टर-136 स्थित व्यावसायिक इमारत में पिछले करीब दो महीने से साइबर ठगी का कारोबार चल रहा था। सेक्टर-128 के पीजी से कैब के जरिए विदेशी नागरिकों को कार्यालय पहुंचाया जाता था। वहां उनके आने-जाने और गतिविधियों पर नजर रखी जाती थी। दिल्ली पुलिस के संपर्क के बाद हुई संयुक्त कार्रवाई नोएडा पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार रात दिल्ली क्राइम ब्रांच ने इस मामले में उनसे संपर्क किया था। इसके बाद दिल्ली और नोएडा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। सेक्टर-128 स्थित पीजी और सेक्टर-136 स्थित कार्यालय से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पीजी संचालक और प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User