नशे के कथित कारोबार ने उजाड़े कई परिवार:अलीगढ़ में 6-7 मौतों का आरोप लेकर कोतवाली पहुंचीं महिलाएं, बोलीं- नशे की दुकानें बंद कराओ

Nov 13, 2026 - 18:06
0
नशे के कथित कारोबार ने उजाड़े कई परिवार:अलीगढ़ में 6-7 मौतों का आरोप लेकर कोतवाली पहुंचीं महिलाएं, बोलीं- नशे की दुकानें बंद कराओ
नशे का कथित कारोबार कई परिवारों के लिए मातम की वजह बन रहा है। किसी महिला ने पति खोया तो किसी की गोद से बेटा छिन गया। छह-सात लोगों की मौत का आरोप लेकर शुक्रवार को अलग-अलग बस्तियों की महिलाएं और पुरुष थाना कोतवाली ऊपरकोट पहुंच गए। महिलाओं का दर्द और गुस्सा अधिकारियों के सामने फूट पड़ा। उनकी दो टूक मांग थी कि नशे का कारोबार करने वाले ठिकानों को बंद कराया जाए, ताकि अब किसी और परिवार को अपनों को न खोना पड़े। किसी ने पति खोया, किसी ने बेटा कोतवाली पहुंची महिलाओं ने बताया कि उनके मोहल्लों में कुट्टू और टिंचर के नाम पर कथित तौर पर नशीले पदार्थ बेचे जा रहे हैं। इनका सेवन करने से अब तक छह-सात लोगों की जान जा चुकी है। एक महिला ने बताया कि उसके पति की मौत हुए अभी दो से ढाई महीने ही हुए हैं। संजय, मुरारी और बुद्ध समेत कई लोगों की मौत का जिक्र करते हुए उसने सवाल उठाया कि आखिर प्रशासन और कितनी मौतों का इंतजार करेगा? समोसे की दुकान की आड़ में भी बिक्री का आरोप महिलाओं ने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर समोसे की दुकान की आड़ में भी नशीले पदार्थों का कारोबार किया जा रहा है। उनका कहना था कि नशे की लत ने परिवारों को आर्थिक और सामाजिक रूप से बर्बाद कर दिया है। कई घरों में कमाने वाले सदस्य की मौत हो चुकी है। अब दूसरे परिवारों को इस त्रासदी से बचाने के लिए पुलिस को सख्त कदम उठाने होंगे। सुबह चार बजे से चल रहा कारोबार मौके पर पहुंचे संजू बजाज ने कहा कि यह किसी तरह का घेराव नहीं, बल्कि उन परिवारों की आवाज है, जो नशे के कारण अपनों को खो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की विभिन्न दलित बस्तियों में सुबह चार बजे से कुट्टू और टिंचर का अवैध कारोबार चल रहा है। विरोध करने पर एक कारोबारी ने अपना सामान फेंककर पुलिस को लूट की सूचना दे दी। पुलिस के पहुंचने पर मामले की जानकारी सामने आई। मेडिकल स्टोर की आड़ में बिक्री का आरोप संजू बजाज ने दिल्ली गेट क्षेत्र की एडीए कॉलोनी में एक मेडिकल स्टोर की आड़ में टिंचर की बिक्री किए जाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि पहले भी प्रशासन को कथित अवैध नशे का कारोबार करने वालों की सूची सौंपी जा चुकी है, लेकिन कुछ समय की कार्रवाई के बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। उन्होंने संबंधित मेडिकल स्टोरों की जांच कराने और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की मांग की। ड्रग इंस्पेक्टर से जांच कराने का आश्वासन कोतवाली में अधिकारियों से मुलाकात के दौरान महिलाओं और उनके साथ पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायत रखी। सीओ ने मामले की जांच कराने और ड्रग इंस्पेक्टर से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। शिकायतकर्ताओं ने मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस और वहां बेची जा रही दवाओं की भी जांच कराने की मांग की। नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग उठाई। एक व्यक्ति को हिरासत में लेने का दावा संजू बजाज के मुताबिक, पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। हालांकि, प्रदर्शनकारी केवल हिरासत या जांच के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं। महिलाओं का कहना है कि जब तक नशे की बिक्री के कथित ठिकाने बंद नहीं होंगे, तब तक उनके मोहल्लों में मौतों का सिलसिला रुकने की उम्मीद नहीं है। अब पीड़ित परिवारों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User